News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
क्या खत्म होगा आठ साल का खिताबी सूखा?
खेलपथ संवाद
राजगीर। हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि भारत बिहार के राजगीर में होने वाले आगामी पुरुष एशिया कप को जीतने और अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने का प्रबल दावेदार है।
मौजूदा ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता और एशिया की नम्बर एक टीम भारत ने आखिरी बार 2017 में ढाका में एशिया कप का खिताब जीता था। तब उसने फाइनल में मलयेशिया को 2-1 से हराया था। भारतीय टीम 2022 में जकार्ता में खेले गए एशिया कप में दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बाद तीसरे स्थान पर रहा था।
भारत की 1975 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान अजीतपाल सिंह ने हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम को प्रबल दावेदार बताया, लेकिन खिलाड़ियों को आत्ममुग्धता से बचने के लिए भी चेताया। अजीतपाल ने कहा, 'हम निश्चित रूप से प्रबल दावेदार और पक्के चैम्पियन हैं। हमारी कोई तुलना नहीं है, लेकिन कोरिया, चीन, जापान और मलयेशिया ने अतीत में हमारे लिए मुश्किलें खड़ी की थीं।
उन्होंने कहा कि हॉकी में अब एशिया में भारत का कोई सानी नहीं है। पहले पाकिस्तान था, लेकिन अब वह खत्म हो चुका है। हमें इस मौके का फायदा उठाकर विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना चाहिए, लेकिन खिलाड़ियों को सावधान रहना होगा। क्वालिफाई करने के लिए उन्हें जीतना होगा।'
एक अन्य पूर्व कप्तान और भारत की 1980 ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य जफर इकबाल ने भी अजीतपाल से सहमति जताई। उन्होंने सोमवार को ट्रॉफी अनावरण समारोह में कहा, 'इसमें कोई शक नहीं कि भारत टूर्नामेंट जीतने का प्रबल दावेदार है, बशर्ते हमारा दिन बहुत खराब न हो। हम एशिया की नम्बर एक टीम हैं और पाकिस्तान के न होने पर हमें खिताब जीतकर विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना चाहिए, लेकिन हम आत्ममुग्ध नहीं हो सकते। कोरिया, जापान, चीन और मलयेशिया जैसी मुश्किल टीमें हैं, जिन्होंने हमें पहले भी हराया है।'
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एशिया कप 2025 ट्रॉफी का अनावरण किया, जिसके साथ ही टूर्नामेंट की उल्टी गिनती शुरू हो गई। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से सात सितंबर तक बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। एशिया कप ट्रॉफी के अनावरण के अवसर पर तीन बार के ओलंपिक पदक विजेता हरबिंदर सिंह और पूर्व खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद भी उपस्थित थे।