News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
भारतीय अंडर-17 महिला टीम में सात खिलाड़ियों का चयन
गुमला की पांच, रांची और हजारीबाग की एक-एक खिलाड़ी शामिल
खेलपथ संवाद
रांची। झाऱखंड में दूसरे राज्यों जैसी तरक्की बेशक न दिखती हो लेकिन यहां की बेटियां हॉकी और फुटबॉल में किसी भी राज्य से बहुत आगे हैं। झारखंड ने इस साल महिला हॉकी के सभी राष्ट्रीय खिताब जीतकर एक नई पटकथा लिखी है। अब फुटबॉल में यहां की सात बेटियों ने भारतीय टीम में जगह बनाकर अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी है।
भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम में झारखंड की सात प्रतिभाशाली बेटियों का चयन हुआ है। यह टीम 20 से 31 अगस्त तक भूटान में आयोजित होने वाली विश्व फुटबॉल चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
चयनित खिलाड़ियों में गुमला जिले से सूरज मुनि, एलिजाबेथ लाकड़ा, अनीता, विनीता और शिवानी शामिल हैं। इसके अलावा रांची (ओरमांझी) की दिव्यानी लिंडा और हजारीबाग की अनुष्का कुमारी को भी भारतीय टीम में जगह मिली है। इन सातों खिलाड़ियों के चयन से उनके परिवारों और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
भारतीय टीम के कोच अनवारूल हक ने कहा कि झारखंड की ये सातों खिलाड़ी बेहद मेहनती और अनुशासित हैं। उनके अनुसार, खिलाड़ियों का चयन उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। हमें विश्वास है कि ये बेटियां भूटान में शानदार प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।
खिलाड़ियों के चयन की खबर फैलते ही गुमला, रांची और हजारीबाग में खेल प्रेमियों में उत्साह देखा गया। स्थानीय लोग और खेल प्रेमी इन बेटियों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जता रहे हैं। लोग मानते हैं कि झारखंड की ये खिलाड़ी न सिर्फ टीम का मनोबल बढ़ाएंगी, बल्कि अपने दमदार खेल से जीत में अहम भूमिका निभाएंगी।