News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
अंडर-19 एशियाई मुक्केबाजी में भारत ने जीते 14 पदक
खेलपथ संवाद
बैंकॉक। युवा भारतीय महिला मुक्केबाजों निशा और मुस्कान ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को अंडर-19 एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीते। पुरुष वर्ग में राहुल कुंडू ने पीला तमगा जीता। प्रतियोगिता में भारतीय मुक्केबाजों ने 14 पदक जीते। भारत को तीन स्वर्ण पदकों के अलावा सात रजत और चार कांस्य पदक मिले।
महिला वर्ग में 10 मुक्केबाजों ने भाग लिया जिसमें नौ पदक के साथ लौटेंंगे जिनमें दो स्वर्ण और पांच रजत के अलावा दो कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और चीन जैसे देशों के मुक्केबाजों को कड़ी चुनौती देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। निशा ने 54 किलोग्राम वर्ग में चीन की सिरुई यांग के खिलाफ तीसरे और अंतिम दौर में अपने खेल के स्तर को ऊंचा करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की, जबकि मुस्कान (57 किलोग्राम) ने आक्रामक इरादे दिखाते हुए कजाकिस्तान की अयाझान एर्मेक की चुनौती को 3-2 के खंडित फैसले से मात दी।
आरती कुमारी (75 किलो भारवर्ग), कृतिका वासन (80 किलो), प्राची टोकस(80+), विनी (60) और निशा (65) को रजत पदक जबकि यशिका (51) और आकांक्षा (70) को कांस्य पदक मिला। पुरुष वर्ग में राहुल ने पुरुषों के 75 भारवर्ग में उज्बेकिस्तान के याकुपबोवेक को 4-1 से पराजित किया। मौसम सुहाग (65) को फाइनल में उज्बेकिस्तान के जाकोगीर के हाथों हार के बाद रजत पदक मिला। शिवम (55) और गौरव (85) ने कांस्य पदक जीते। अंडर-22 श्रेणी में भारत के पांच मुक्केबाज फाइनल में पहुंच चुके हैं। भारत ने 40 सदस्यीय दल अंडर-19 और अंडर-22 आयुवर्ग की प्रतियोगिता में भेजा है।