News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
2030 की मेजबानी हासिल करने की कवायद
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल निदेशक डैरेन हॉल के नेतृत्व में राष्ट्रमंडल खेल अधिकारियों का एक दल मंगलवार से तीन दिन के लिए अहमदाबाद का दौरा करेगा। यह दल आयोजन स्थलों का निरीक्षण करेगा और गुजरात सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेगा क्योंकि भारत के 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
यह दल रविवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा और मंगलवार को अहमदाबाद में होगा। अगर भारत को मेजबानी का अधिकार मिलता है तो अहमदाबाद प्रस्तावित मेजबान शहर है। इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया, 'हां, राष्ट्रमंडल खेल (जिसे पहले राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के नाम से जाना जाता था) की एक टीम नयी दिल्ली में है और पांच से सात अगस्त तक अहमदाबाद का दौरा करेगी।'
मेहमान दल ने यहां भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अधिकारियों से मुलाकात की। अधिकारी ने कहा, 'राष्ट्रमंडल खेल का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल इस महीने के अंत में दौरा करेगा।' पिछले महीने कनाडा के बोली की दौड़ से हटने के बाद भारत के 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हासिल करने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
भारत ने 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए आशय पत्र सौंपा है और अहमदाबाद को मेजबान शहर चुना गया है। देश को 31 अगस्त की समय सीमा से पहले अंतिम बोली के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा। राष्ट्रमंडल खेल की आम सभा नवंबर के अंतिम सप्ताह में ग्लास्गो में मेजबान देश का फैसला करेगी।