News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
अंडर-17 विश्व चैम्पियनशिप में पहलवान मोनी की चांदी
खेलपथ संवाद
एथेंस। भारतीय पहलवान रचना (43 किलोग्राम) और अश्विनी विश्नोई (65 किलोग्राम) गुरुवार को अंडर-17 विश्व चैम्पियनशिप में चैम्पियन बनीं, जबकि मोनी महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक से चूक गईं। रचना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में चीन की शिन हुआंग को 3-0 से हराया जबकि अश्विनी ने उज्बेकिस्तान की मुखय्यो राखिमजोनोवा को इसी अंतर से मात दी।
मोनी को कजाकिस्तान की मदखिया उस्मानोवा के खिलाफ कड़े मुकाबले में 5-6 से मिली हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। कोमल वर्मा ने 49 किलोग्राम वर्ग में देश को कांस्य पदक दिलाया। उन्होंने कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में एनहेलिना बुर्किना को 8-3 से हराया।
भारत के कम से कम दो और पदक पक्के हो गए हैं जिसमें यशिता (61 किलोग्राम) और काजल (73 किलोग्राम) खिताबी मुकाबले में उतरेंगी जबकि मनीषा 69 किलोग्राम में कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी। हालांकि, गुरुवार को सभी भारतीय पहलवान पोडियम तक नहीं पहुंच पाए।
प्रीति यादव (40 किलोग्राम) और कशिश गुर्जर (46 किलोग्राम) क्वार्टर फाइनल में क्रमशः मैसी अन्ना क्लेयर इलियट और जैकलिन रोज़ बुज़ाकिस से हारकर बाहर हो गईं। सारिका 53 किलोग्राम भार वर्ग में जापान की रियोन ओगावा से हारकर क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गईं।