News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
महिला विश्व शतरंज चैम्पियन ने इस उपलब्धि का श्रेय परिवार और कोच को दिया
खेलपथ संवाद
नागपुर। फिडे महिला शतरंज विश्व कप 2025 चैम्पियन दिव्या देशमुख बुधवार को अपने गृह नगर नागपुर लौटीं। नागपुर लौटने पर उन्होंने अपनी बड़ी जीत का श्रेय अपने परिवार और पहले कोच राहुल जोशी को दिया। नागपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके परिवार के साथ-साथ प्रशंसक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। महाराष्ट्र शतरंज संघ के अध्यक्ष परिणय फुके भी इस मौके पर मौजूद रहे।
19 वर्षीय दिव्या ने सोमवार को महिला विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। वह यह खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने जॉर्जिया के बटुमी शहर में खेले गए ऑल-इंडियन फाइनल में अनुभवि कोनेरू हम्पी को टाई-ब्रेकर मुकाबले में हराया। दिव्या देशमुख ने नागपुर पहुंचने पर कहा कि मुझे यह स्नेह पाकर बहुत खुशी हुई। यह देखकर अच्छा लग रहा है कि इतनी भीड़ मेरा स्वागत करने के लिए यहां इक्ट्ठा हुई है। मैं बहुत खुश हूं।
दिव्या देशमुख ने अपनी जीत का श्रेय अपनी बहन, परिवार के सदस्यों और अपने पहले कोच राहुल जोशी को दिया। उन्होंने कहा, 'मेरे पहले कोच चाहते थे कि मैं ग्रैंड मास्टर बनूं, मैं इस जीत का श्रेय उन्हें देती हूं।' किशोरावस्था की चैंपियन दिव्या ने कहा कि ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट में भाग लेने से पहले वह कुछ दिन आराम करेंगी। दिव्या को दो अगस्त को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री व नागपुर सांसद नितिन गडकरी सम्मानित करेंगे।
दिव्या के परिवार के सदस्यों ने उपलब्धि को सराहा
दिव्या देशमुख के परिवार के सदस्यों ने उनकी उपलब्धि की सराहना की और कहा कि उन्होंने परिवार, नागपुर, महाराष्ट्र और भारत को गौरवान्वित किया है। इस चैंपियन खिलाड़ी की चाची स्मिता देशमुख ने पत्रकारों से कहा, 'हम बहुत खुश हैं कि दिव्या ने हमारे परिवार, नागपुर और भारत को गौरवान्वित किया है। भारत ने इतने वर्षों बाद यह महिला शतरंज विश्व कप जीता है। हम भगवान को धन्यवाद देना चाहते हैं। उनके माता-पिता की इतने वर्षों की कड़ी मेहनत आखिरकार रंग लाई है। हमारी खुशी का ठिकाना नहीं है और हमारे खुशी के आंसू रुक नहीं रहे हैं। हम चाहते हैं कि दिव्या भविष्य में और अधिक सफलता प्राप्त करें और भारत को गौरवान्वित करें। हम उनके घर लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।'