News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
अमेरिका में पनेल गांव की बिटिया की हुई जय-जयकार
खेलपथ संवाद
रामपुर बुशहर। शिमला जिले के ननखड़ी तहसील के पनेल गांव की मुक्केबाज मोनिका नेगी ने अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित विश्व पुलिस फायर खेलों की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की भारतीय पुलिस टीम की ओर से प्रतियोगिता में भाग लिया।
बर्मिंघम में 26 जून से 6 जुलाई तक विश्व पुलिस खेल 2025 का आयोजन किया गया। बॉक्सिंग के 81 किलोग्राम कैटेगरी के फाइनल में मोनिका ने यूएसएजीई की बॉक्सर को 5-0 से पराजित किया। मोनिका नेगी भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल में कार्यरत हैं।
मोनिका नेगी इससे पहले भी बॉक्सिंग में कई पदक जीतकर रामपुर और हिमाचल का नाम रोशन कर चुकी हैं। वे मुक्केबाजी में राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का कई बार प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। मोनिका नेगी ने दो बार राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया है और पंजाब के जालंधर में आयोजित ऑल इंडिया विश्वविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीता है।