News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
आईओए प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से की मुलाकात
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी हासिल करने की कवायद तेज कर दी है। आईओए, केंद्र और गुजरात सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल ने मेजबानी अधिकार हासिल करने से संबंधित प्रक्रिया और तरीकों को बेहतर ढंग से समझने के लिए लंदन में राष्ट्रमंडल खेल अधिकारियों से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में आईओए प्रमुख पीटी ऊषा और केंद्रीय खेल मंत्रालय के साथ-साथ गुजरात राज्य सरकार के अधिकारी शामिल थे। उन्होंने लंदन में दो दिनों तक राष्ट्रमंडल खेल अधिकारियों से मुलाकात की। दावेदारी की अंतिम बोली के लिए प्रस्ताव 31 अगस्त तक प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है जबकि राष्ट्रमंडल खेल 2030 के लिए मेजबान शहर का चयन इस साल नवंबर में किया जाएगा।
भारत ने पहले ही अहमदाबाद में 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए अपनी बोली औपचारिक रूप से प्रस्तुत कर दी है। भारत का उद्देश्य 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करना है। गुजरात खेल मंत्रालय ने कहा, लंदन में दो दिनों तक भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बैठकों में व्यापक चर्चाओं में भाग लिया और दावेदारी से जुड़ी बोली के संबंध में अब तक की गई तैयारियों को प्रस्तुत किया। राष्ट्रमंडल खेल टीम ने कहा कि वह प्रस्तावों की तैयारी के लिए इच्छुक मेजबान शहरों को पूर्ण सहयोग और सहायता प्रदान करेगी।