News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
95 साल के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला खेलपथ संवाद नई दिल्ली। महान एथलीट पीटी ऊषा को भारतीय ओलम्पिक संघ का अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय है। उड़नपरी पीटी ऊषा आईओए के 95 साल के इतिहास में अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला हैं। 10 दिसम्बर को 58 साल की पीटी ऊषा को भारतीय ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष पद की आसंदी सौंप दी जाएगी। ऊषा की इस उपलब्धि से देश का हर खिलाड़ी और खेलप्रेमी अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा है। पूर्व खेलमंत्री और कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर पीटी ऊषा को भारतीय ओलम्पिक संघ का अध्यक्ष बनने की बधाई दी। किरेन रिजजू ने लिखा,‘दिग्गज गोल्डन गर्ल को बधाई दी और लिखा कि मैं अपने देश के सभी खेल नायकों को भी प्रतिष्ठित आईओए का पदाधिकारी बनने पर बधाई देता हूं। राष्ट्र को उन पर गर्व है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही ऊषा ने ट्वीट कर कहा था कि वह इस पद के लिए नामांकन दाखिल कर रही हैं। उन्होंने ट्वीट किया था, ‘अपने साथी एथलीटों और राष्ट्रीय महासंघों के हार्दिक समर्थन के साथ, मैं आईओए के अध्यक्ष के नामांकन को स्वीकार करने और फाइल करने के बाद विनम्र और सम्मानित महसूस कर रही हूं।’ स्टार धावक पीटी ऊषा भारत के महान एथलीटों में से एक हैं। पीटी ऊषा एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक और सात रजत पदक जीत चुकी हैं। 1984 के लॉस एंजिल्स ओलम्पिक में वह महिलाओं की 400 मीटर की दौड़ में सेकेंड के 1/100वें हिस्से से पोडियम फिनिश करने से चूक गईं थीं। जुलाई 2022 में पीटी ऊषा को राज्यसभा सदस्य नामित किया गया था। 58 साल की पीटी ऊषा का जन्म केरल में हुआ है। उन्होंने कोझिकोड के प्रोविडेंस वीमेंस कॉलेज से पढ़ाई पूरी की। उनकी शादी 1991 में वी. श्रीनिवासन से हुई। पीटी ऊषा को एक बेटा है। पीटी ऊषा इस चुनाव में निर्विरोध रूप से अध्यक्ष चुनी जाएंगी क्योंकि उनके खिलाफ किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। रविवार को उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके साथ-साथ उनकी टीम के 14 और लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। आईओए में एक अध्यक्ष, एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष (एक पुरुष और एक महिला), एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव (एक पुरुष और एक महिला) और कार्यकारी सदस्य के लिए चुनाव हो रहा था। आईओए के 77 सदस्यीय निर्वाचन मंडल में एक चौथाई पूर्व एथलीट हैं जिसमें पीवी सिंधु, गगन नारंग, साक्षी मलिक, योगेश्वर दत्त आदि शामिल हैं। खेल से संन्यास लेने के बाद भी पीटी ऊषा खेलों से जुड़ी हैं। अभी वह भारतीय प्रतिभा संघ समिति प्रमुख हैं जो पूरे देश में भारतीय प्रतिभा ओलम्पियाड परीक्षा का आयोजन करवाती है।