News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
चुनावी मैदान पर नहीं लगा सिद्धू का सिक्सर दो हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह और सुरिंदर सिंह सोढ़ी में हुई टक्कर खेलपथ संवाद नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे गुरुवार (10 मार्च) को आए। उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में कई पूर्व खिलाड़ियों ने भी अपनी किस्मत आजमाई। इनमें पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, कांग्रेस के ही परगट सिंह, आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह और सुरिंदर सिंह सोढ़ी प्रमुख हैं। राजनीति के मैदान पर सिद्धू का सिक्सर इस बार नहीं लग सका। उन्हें शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। नवजोत सिंह सिद्धू: भारत के पूर्व ओपनर बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने इस बार पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ा। वे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे अपनी सीट ही नहीं बचा पाए। सिद्धू ने अमृतसर ईस्ट सीट से अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार जीवन ज्योत कौर के खिलाफ हार गए। सिद्धू के क्रिकेट करियर को देखें तो 51 टेस्ट में उन्होंने 3202 और 136 वनडे में 4413 रन बनाए। इस दौरान टेस्ट में नौ और वनडे में छह शतक लगाए। सिद्धू ने 2004 में राजनीतिक पारी की शुरुआत की। उन्हें भाजपा के दिवंगत नेता अरुण जेटली ने पार्टी में शामिल करवाया था। 2004 में सिद्धू अमृतसर लोकसभा सीट से कांग्रेस के कद्दावर नेता रघुनंदन लाल भाटिया को हराकर संसद पहुंचे थे। 2006 में हत्या के आरोपों के कारण उन्हें लोकसभा से इस्तीफा दिया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2007 में चुनाव लड़ने की इजाजत मिलने के बाद सिद्धू ने 2007 उप-चुनाव में कांग्रेस नेता सुरिंदर सिंगला को हराया था। 2016 में मोदी सरकार ने उन्हें राज्यसभा के लिए नामित किया था, लेकिन उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया था। वे 2017 में कांग्रेस में शामिल हुए और पूर्वी अमृतसर से चुनाव लड़ते हुए जीता था। परगट सिंह: भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह को कांग्रेस ने जालंधर कैंट से टिकट दिया था। 1965 में जन्मे परगट को हॉकी के बेहतरीन डिफेंडरों में माना जाता था। वे बार्सिलोना ओलम्पिक 1992 और अटलांटा ओलम्पिक 1996 में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान थे। वे सुरिंदर सिंह सोढ़ी के खिलाफ जालंधर कैंट सीट पर आगे चल रहे हैं। सुरिंदर सिंह सोढ़ी: पूर्व हॉकी खिलाड़ी सुरिंदर सिंह सोढ़ी ने पिछले साल आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। वे जालंधर कैंट सीट पर दिग्गज हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह के खिलाफ उतरे हैं।