रानी की टोली ने आयरलैंड को 1-0 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम भी पहुंचेगी अंतिम आठ में
भारत ने आयरलैंड के खिलाफ 14 पेनाल्टी कॉर्नर गंवाए
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
लगातार तीन हार के बाद आखिरकार रानी रामपाल की टोली ने आज टोक्यो ओलम्पिक के अपने चौथे मुकाबले में आयरलैण्ड को 1-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने की अपनी उम्मीदें जिन्दा कर दीं। भारतीय हॉकी बेटियों को अपना अंतिम मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है जोकि अब तक अपने चारों मुकाबले हार चुकी है। भारतीय टोली को अंतिम आठ में पहुंचने के लिए दक्षिण अफ्रीका पर हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
टोक्यो ओलम्पिक की टर्फ पर भारत की पुरुष हॉकी टीम का धमाल तो जारी ही है। भारत की महिला हॉकी टीम ने भी आयरलैंड को हराकर अपनी उम्मीदें जिंदा रखी हैं। आयरलैंड के खिलाफ भारत की महिला हॉकी टीम ने अपना मुकाबला 1-0 से जीता। ये जीत भारत को चौथे क्वार्टर में मिली। मैच में जब आखिरी के तीन मिनट बचे थे तो भारत के लिए ये गोल  रानी रामपाल और नवनीत कौर की जुगलबंदी से हुआ। इस जीत के साथ भारत के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं।
आयरलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए जीत हर हाल में जरूरी थी। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक हॉकी की नुमाइश की। पहले तीन क्वार्टर तक गोल दागने की उसकी हर कोशिश नाकाम हुई। भारत ने आयरलैंड के खिलाफ 14 पेनाल्टी कॉर्नर गंवाए लेकिन, आखिरकार मैच जब अपने आखिर के तीन मिनट में था तो अनुभवी रानी रामपाल ने नवनीत कौर को पास दिया जिस पर उन्होंने गोल दागकर टीम को विजय दिला दी।
जीत आयरलैंड के लिए भी जरूरी थी। इसलिए आखिरी लम्हों में जब नवनीत कौर ने गोल दागा तो आयरलैंड की टीम बौखला गई और उसने भारतीय गोलपोस्ट पर धावा बोल दिया। इस कोशिश में उसने अपने गोलकीपर को भी लगा दिया लेकिन, गोल करने के उसके सारे हथकंडों को रानी की टोली ने नाकाम कर दिया। इससे पहले दाद देनी होगी आयरलैंड के गोलकीपर की, जिन्होंने अपने कमाल के प्रदर्शन से भारत के हर हमले को नाकाम किया। भारत को इस मैच में 14 पेनाल्टी कॉर्नर मिले थे। मतलब अगर इसे वो भुना पाते तो अच्छे खासे गोल हो सकते थे लेकिन आयरिश गोलकीपर ने ऐसा होने नहीं दिया।
अब भारतीय महिला हॉकी टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए अपना अगला ग्रुप मैच शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से जीतना होगा। साथ ही ये भी दुआ करनी होगी कि आयरलैंड अपना आखिरी ग्रुप मैच हार जाए। अगर ऐसा हुआ तो भारत का क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स