आईपीएल में चेन्नई ने दी वरिष्ठता को अहमियत

राजस्थान टीम सबसे युवा
कप्तानों में धोनी की उम्र सबसे ज्यादा तो श्रेयस यंगेस्ट कैप्टन
चेन्नई।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम सबसे उम्रदराज है। राजस्थान रॉयल्स (RR) सबसे युवा टीम है। CSK टीम के प्लेयर्स की औसत उम्र 30.4 और राजस्थान की 26.16 है। यदि उम्रदराज कप्तान की बात करें, तो धोनी इसमें भी सबसे आगे हैं। उनकी उम्र 39 साल है।
इस मामले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर सबसे युवा हैं। उनकी उम्र 26 साल है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली की उम्र 32 साल है। 5 बार के खिताब विजेता और डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की उम्र 33 साल है। वे 30 अप्रैल को 34 साल के हो जाएंगे।
उम्रदराज ताहिर और गेल को टीम ने रिटेन किया
इस सीजन के उम्रदराज प्लेयर्स में भी चेन्नई सुपर किंग्स के इमरान ताहिर टॉप पर हैं। उनकी उम्र 41 साल है। वे 27 मार्च को 42 साल के हो जाएंगे। उनके बाद क्रिस गेल (41 साल) और हरभजन सिंह (40 साल) का नंबर आता है। ताहिर के चेन्नई और गेल को पंजाब टीम ने रिटेन किया था। वहीं, भज्जी को चेन्नई ने रिलीज कर दिया था। इसके बाद उन्हें नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए में खरीदा।
सीजन में 19 साल के 3 प्लेयर खेलेंगे
14वें सीजन के टॉप-5 युवा प्लेयर्स में राजस्थान टीम के 3 खिलाड़ी हैं। इनमें यशस्वी जायसवाल टॉप पर हैं, जबकि रियान पराग दूसरे नंबर पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के मुजीब उर रहमान और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के देवदत्त पडिक्कल 20-20 साल के हैं। मुजीब को छोड़कर बाकी 4 खिलाड़ियों का पिछला सीजन काफी अच्छा रहा था।
नीलामी में पंजाब ने सबसे ज्यादा 9 खिलाड़ी खरीदे
गुरुवार को हुई नीलामी में प्रिटी जिंटा की टीम पंजाब किंग्स ने सबसे ज्यादा 9 खिलाड़ी खरीदे। वहीं, कोलकाता नाइटराइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स ने 8-8 खिलाड़ियों पर बोली लगाई। मुंबई इंडियंस ने 7, चेन्नई सुपरकिंग्स ने 6 और सनराइजर्स हैदराबाद ने सबसे कम 3 खिलाड़ियों को खरीदा।

 

रिलेटेड पोस्ट्स