मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु ने 14.25 करोड़ में खरीदा

फिंच के लिए किसी ने नहीं लगाई बोली
आईपीएल की सजी 'मंडी'
चेन्नई।
आईपीएल के लिए बृहस्पतिवार को लगी खिलाड़ियों की नीलामी में आस्ट्रेलियाई विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 14.25 करोड़ रुपये में खरीदा है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को दिल्ली कैपिटल्स ने 2.20 करोड़ रुपये में खरीदा है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के एरोन फिंच को कोई खरीदार नहीं मिला। आज यहां आईपीएल खिलाड़ियों की बोली शुरू हुई। 292 खिलाड़यों की नीलामी हो रही है। इनमें से 61 की नीलामी होनी है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन के लिए नीलामी चेन्नई में जारी है। 292 शॉर्टलिस्टेड प्लेयर्स में से 61 के लिए बोली लगाई जा रही है। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को RCB टीम ने 14.25 करोड़ रुपए में खरीदा। उनकी बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए थी। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स टीम ने उन्हें 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा था।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोइन अली को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 7 करोड़ रुपए में खरीदा। उनकी बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए थी। मोइन ने अब तक ओवरऑल 167 टी-20 खेले, जिसमें 3513 रन बनाए और 110 विकेट भी झटके।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को दिल्ली कैपिटल्स टीम ने 2.20 करोड़ रुपए में खरीदा। उनकी बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए थी। पिछले सीजन में स्मिथ की कीमत 12.50 करोड़ रुपए थी।
बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को 3.20 करोड़ रुपए में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा। उनकी बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए थी। शाकिब ने अब तक IPL के 63 मैच में 746 रन बनाए और 59 विकेट लिए हैं।
शिवम दुबे को 4.40 करोड़ रुपए में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा। उनकी बेस प्राइज 50 लाख रुपए थी। पिछले सीजन में वे RCB ने उन्हें 5 करोड़ रुपए में खरीदा था। इस ऑलराउंडर ने अब तक 15 IPL मैच में 169 रन बनाए और 4 विकेट लिए।
क्यों महंगे बिके मैक्सवेल
टी-20 में मैक्सवेल का स्ट्राइक रेट 152.05 का है। उन्होंने 331 छक्के और 529 चौके जमाए हैं। IPL में उन्होंने 82 मैचों में 1505 रन बनाए हैं। स्ट्राइक रेट 154.67 का है। इसमें 91 छक्के और 118 चौके शामिल हैं। टी-20 में अब तक उन्होंने 108 विकेट भी लिए। बिग बैश लीग के पिछले सीजन में मैक्सवेल ने 14 मैच में 379 रन बनाए थे। 17 छक्के लगाए और स्ट्राइक रेट 143 का रहा था।
इन खिलाड़ियों को नहीं मिला खरीददार
सबसे पहले करुण नायर का नाम पुकारा गया। 50 लाख बेस प्राइज वाले इंडियन प्लेयर को किसी ने नहीं खरीदा।
इसके बाद 1.50 करोड़ बेस प्राइज वाले इंग्लिश प्लेयर एलेक्स हेल्स को भी किसी ने नहीं खरीदा।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एरॉन फिंच को किसी ने नहीं खरीदा। उनकी बेस प्राइज 1 करोड़ रुपए रही।
13 राउंड के बाद तेज रफ्तार से होगी नीलामी
ऑक्शन की शुरुआत के 2 राउंड में 14 बड़े खिलाड़ियों (मार्की प्लेयर्स) के बाद बल्लेबाजों, ऑलराउंडर्स, विकेटकीपर्स और बॉलर्स पर बोली लगेगी। सभी 292 में से सिर्फ 10 खिलाड़ियों को 2 करोड़ रुपए की बेस प्राइज के स्लॉट में रखा गया है। 13 राउंड और 87 प्लेयर्स के बाद नीलामी तेज रफ्तार से होगी।
प्लेयर्स की बेस प्राइज
अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए अब 20, 30 और 40 लाख की बेस प्राइज तय की गई है। वहीं, कैप्ड खिलाड़ियों को 5 अलग-अलग बेस प्राइस 50 लाख, 75 लाख, 1 करोड़, 1.5 करोड़ और दो करोड़ में रखा गया है। कैप्ड प्लेयर्स वह होते हैं, जो अपने देश के लिए टेस्ट, वनडे, टी-20 में से किसी भी एक इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेले हों।
2 करोड़ रुपए बेस प्राइज वाले मार्क वुड ने नाम वापस लिया
नीलामी से थोड़ी देर पहले ही इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने नाम वापस ले लिया। नीलामी के लिए उनकी बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए थी। क्रिकेट वेबसाइट ईएसपीएन के मुताबिक, वुड ने परिवार के साथ वक्त बिताने के लिए यह फैसला लिया। फिलहाल, वे भारत के खिलाफ आखिरी 2 टेस्ट खेलेंगे। सीरीज के पहले दो टेस्ट में उन्हें आराम दिया गया था। इसके बाद वे भारत के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज भी खेलेंगे।
वुड को 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने खरीदा था। तब महेंद्र सिंह धोनी कप्तानी वाली CSK ने तीसरी बार खिताब जीता था। उस सीजन में वुड ने एक ही मैच खेला था, जिसमें बिना विकेट लिए 49 रन दिए थे। तब से अब तक वुड IPL नहीं खेले।
एक टीम में मैक्सिमम और मिनिमम कितने खिलाड़ी होंगे?
सभी फ्रेंचाइजी अपनी टीम में मैक्सिमम 25 और मिनिमम 18 खिलाड़ी रख सकती हैं। किसी भी टीम में ज्यादा से ज्यादा 8 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। मौजूदा हालात में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास सबसे कम 14 खिलाड़ी और सनराइजर्स हैदराबाद के पास सबसे ज्यादा 22 खिलाड़ी हैं। यानी ऑक्शन में RCB को कम से कम 4 खिलाड़ी खरीदने होंगे। वहीं, SRH ज्यादा से ज्यादा 3 खिलाड़ी खरीद सकता है।
खिलाड़ी खरीदने के लिए पंजाब के पर्स में सबसे ज्यादा रुपए
IPL के इस सीजन में फ्रेंचाइजी का सैलरी पर्स (बजट) पिछले सीजन की तरह 85 करोड़ ही है। यानी कोरोना की वजह से इस बार सैलरी बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि 2019 में यह बजट 80 करोड़ और 2018 में 66 करोड़ रुपए था। इस बार पंजाब के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सबसे ज्यादा 53.20 करोड़ रुपए हैं। नियमों के तहत टीम का न्यूनतम खर्च 60 करोड़ होना चाहिए यानी सैलरी कैप वैल्यू का 75%।
क्या राइट टू मैच कार्ड (RTM कार्ड) का इस्तेमाल होगा?
राइट टू मैच कार्ड सिर्फ मेगा ऑक्शन के लिए है। ऐसे में इस मिनी ऑक्शन में इसका इस्तेमाल नहीं होगा। राइट टू मैच कार्ड यानी इसके जरिए फ्रेंचाइजी अपने पुराने खिलाड़ी को नीलामी में वापस हासिल कर सकती हैं। इसके लिए उन्हें नीलामी में खिलाड़ी पर लगी सर्वाधिक बोली के बराबर की कीमत चुकानी होती है। उदाहरण के लिए राजस्थान रॉयल्स ने स्टीव स्मिथ को इस सीजन में रिटेन नहीं किया है। नीलामी के दौरान अगर किसी फ्रेंचाइजी ने उन पर सबसे बड़ी बोली लगाई तो राजस्थान RTM कार्ड का इस्तेमाल कर उन्हें अपनी टीम में ले सकती है। अधिकतम 5 खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी इसके जरिए (RTM कार्ड) रिटेन कर सकती हैं।
2 करोड़ बेस प्राइस वाले स्लॉट में इंग्लैंड के 5 प्लेयर
2 करोड़ रुपए बेस प्राइस वाले प्लेयर्स में भारत के हरभजन सिंह और केदार जाधव शामिल हैं। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर ग्लेन मैक्सवेल और स्टीव स्मिथ भी हैं। इंग्लैंड के सबसे ज्यादा 5 खिलाड़ियों मोइन अली, सैम बिलिंग्स, लियाम प्लंकेट, जेसन रॉय और मार्क वुड को लिस्ट में जगह मिली। हालांकि, वुड ने नाम वापस ले लिया। एक नाम बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन का भी है।​​​​​​
20 लाख रुपए बेस प्राइज वाले 2 खिलाड़ी जिन पर सबसे ज्यादा नजरें हैं
मोहम्मद अजहरुद्दीन
भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में 37 बॉल पर शतक जड़ा था। यह टूर्नामेंट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक रहा। केरल के बल्लेबाज ने 5 मैच में 195 की स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए। 158 रन बाउंड्री से लिए। एक शतक जड़ा। करियर के 24 टी-20 में 23 की औसत से 451 रन बना चुके। स्ट्राइक रेट 142 का रहा।
अर्जुन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर के बेटे और लेफ्ट-ऑर्म पेसर अर्जुन ने MIG क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 3 विकेट लिए थे। साथ ही इस ऑलराउंडर ने 31 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए थे। उनकी टीम 194 रन से जीती थी। सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में वे मुंबई के लिए 2 टी-20 खेले, जिसमें 2 विकेट लिए।

रिलेटेड पोस्ट्स