सात नहीं आठ फेरे लेंगे बजरंग और संगीता

आज हो जाएंगे एक-दूजे के
खेलपथ प्रतिनिधि
भिवानी।
कोरोना संक्रमण के इस दौर में पहलवान बजरंग पूनिया व संगीता फोगाट की शादी आज यानी 25 नवम्बर को बिल्कुल सादगी के साथ होगी। इसके अलावा यह शादी सामाजिक सरोकारों के साथ भी जुड़ी होगी। सादगी के बीच दोनों पहलवान अपनी शादी को बेहद खास बनाएंगे। बजरंग की शादी में सात की जगह आठ फेरे होंगे। वजह जान कर आप भी तारीफ किए बगैर नहीं रह सकते। गौरतलब है कि उनकी बड़ी बहनों गीता व बबिता फोगाट ने भी अपनी शादी में सात की जगह आठ फेरे लिए थे।
पहलवान बजरंग पूनिया व संगीता फोगाट की शादी पिछले साल तय हुई थी। दोनों के परिवार वालों ने ओलम्पिक के बाद शादी करने का फैसला लिया था लेकिन कोरोना के कारण ओलम्पिक 2021 में खिसकने के कारण बजरंग व संगीता की शादी 25 नवम्बर को होगी। बजरंग का रिश्ता भी एक रुपये में हुआ था। यह शादी भी बिना दहेज के होगी। वह दहेज में कुछ नहीं लेंगे, जिससे एक सकारात्मक संदेश समाज में जाए और दहेज प्रथा को लेकर लोगों की सोच बदल सके। खास बात यह है कि बजरंग और संगीता की शादी में आठ फेरे होंगे। दोनों बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ व बेटी खिलाओ का आठवां फेरा लेंगे। 
इस आठवें फेरे से समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच का संदेश दिया जाएगा। बजरंग पूनिया कहते हैं कि दहेज एक गलत प्रथा है और इसे समाज से मिटाना जरूरी है। इसके लिए हर किसी को प्रयास करना होगा, तभी दहेज प्रथा को खत्म किया जा सकता है। बजरंग कहते हैं कि बेटियों को लेकर काफी हद तक समाज की सोच में बदलाव हुआ है लेकिन वह पूरी तरह से नहीं बदल सकी है। उसे भी बदलना जरूरी है और हर माता-पिता को अपनी बेटी को बेटे से कम नहीं समझना चाहिए। बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना चाहिए।

रिलेटेड पोस्ट्स