कोरोना रिपोर्ट नहीं लाने पर पांच तीरंदाज ओलम्पिक स्क्वाड से बाहर

पांचों तीरंदाज असम के हैं 
खेलपथ प्रतिनिधि
जमशेदपुर।
कोरोना के दौर में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों को साथ में नेगेटिव कोविड रिपोर्ट नहीं लाना भारी पड़ गया। चार अंतरराष्ट्रीय समेत पांच तीरंदाजों को इसकी कीमत टोक्यो ओलंपिक के स्क्वाड से बाहर होकर चुकानी पड़ी। पांचों तीरंदाजों को जमशेदपुर में मंगलवार से शुरु हुए ट्रायल में नहीं खेलने दिया गया। पांचों तीरंदाज असम के हैं और ओलम्पिक की टीम में शामिल होने का उनके पास यह अंतिम मौका था। 
भारतीय टीम के लिए खेल चुके तीरंदाज संजय बोरो, धनंजय बासुमतारी, मुकेश बोरो, प्रमिला डिमरी के अलावा सोनाली बासुमतारी ट्रायल खेलने के लिए जब ग्राउंड पर पहुंचे तो उनके पास कोविड रिपोर्ट नहीं थी। भारतीय तीरंदाजी संघ ने पहले ही साफ कर दिया था कि ट्रायल में खेलने के लिए नेगेटिव कोविड रिपोर्ट साथ में लाना जरूरी है। जिसके चलते उन्हें ट्रायल में नहीं खेलने दिया गया। हालांकि कुछ अन्य तीरंदाज भी अपने साथ कोविड रिपोर्ट नहीं लाए थे, लेकिन एक दिन पहले पहुंचने के चलते उन्होंने वहीं आरटीपीसीआर टेस्ट कराकर नेगेटिव रिपोर्ट सौंप दी। एक तीरंदाज ने अपनी गैरमौजूदगी का कारण नहीं बताया, जबकि दो बीमार थे। 
पुरुषों में 36 और महिलाओं में 13 तीरंदाजों ने शिरकत की। पहले दिन सेना के विनोद स्वांसी 1331 के स्कोर के साथ पहले स्थान पर थे। महिलाओं में हरियाणा की संगीता पहले स्थान पर थीं। जूनियर विश्व चैंपियन कोमालिका बारी तीसरे स्थान पर चल रही हैं। नामी तीरंदाज एशियन गेम्स मेडलिस्ट मंगल सिंह चांपिया 19वें राहुल बनर्जी 36वें जगदीश चौधरी 13वें और अतुल वर्मा सातवें स्थान पर थे।

रिलेटेड पोस्ट्स