ओलम्पिक टीम के लिए फिर होगा तीरंदाजों का ट्रायल

साई के इंकार के बाद तीरंदाजी संघ का फैसला
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक के लिए टीम चयन के लिए तीरंदाजों के एक बार फिर ट्रायल कराए जाएंगे। भारतीय तीरंदाजी संघ ने ओपन ट्रायल कराने का फैसला लिया था, लेकिन साई ने अपने सेंटर में कोरोना के चलते ओपन ट्रायल की अनुमति देने से इंकार कर दिया। साई का कहना है कि ओपन ट्रायल में बड़ी संख्या में तीरंदाज आएंगे। इन्हें एकांतवास में रखना और ठहराना जोखिम भरा काम होगा। ऐसे में वह ओपन ट्रायल की अनुमति नहीं देंगे। 
साई के मना करने के बाद तीरंदाजी संघ ने ओपन ट्रायल का फैसला टाल अपने स्तर पर ट्रायल कराने का फैसला लिया है। अब ओलम्पिक ट्रायल 23 से 27 नवम्बर को टाटा जमशेदपुर में कराया जाएगा। कोरोना दौर में ओलम्पिक टीम के चयन को यह पहला ट्रायल होगा।
अब तक यह तय नहीं हुआ है कि ट्रायल में किस आधार पर तीरंदाज बुलाए जाएंगे। राय बन रही है कि कोरोना दौर से पहले कराए गए ओलम्पिक ट्रायल में जिन पुरुष तीरंदाजों ने 650 और महिलाओं ने 630 का स्कोर किया है, उन्हें ही ट्रायल में आमंत्रित किया जाए। इनकी संख्या काफी कम है। इन सभी तीरंदाजों को टाटा जमशेदपुर के बाहर होटल में रखा जाएगा।
ओलम्पिक में पुरुष और महिला वर्ग में तीन-तीन तीरंदाजों की टीम खेलनी है। पुरुष टीम पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है, जबकि महिलाओं में दीपिका कुमारी ने क्वालीफाई किया है। महिलाओं के पास जून में होने वाले क्वालीफाइंग में क्वालीफाई का मौका है। टीम के चयन को पहले ही आठ-आठ तीरंदाज चयनित किए जा चुके हैं। ये सभी तीरंदाज इस वक्त एएसआई पुणे कैम्प में शामिल हैं, लेकिन तीरंदाजी संघ ने फैसला लिया कि किसी के साथ नाइंसाफी न हो इसके लिए फिर ट्रायल कराए जाने चाहिए। 
इसी बात को ध्यान में रख पहले से चयनित आठ तीरंदाजों में ट्रायल के जरिए चार तीरंदाज और शामिल किए जाएंगे। 12-12 तीरंदाजों की संख्या होने के बाद फिर से एक बार ट्रायल कराकर अंत में चार-चार की टीम चुनी जाएगी। 23 से 27 नवम्बर को होने वाले ट्रायल में पहले से चयनित और कैंप में शामिल तीरंदाज नहीं खेलेंगे।
साई की ओर से ओपन ट्रायल के आयोजन से इंकार किए जाने के बाद फैसला लिया गया है कि उसकी ओर से तीरंदाजी संघ को ट्रायल के आयोजन का खर्च नहीं दिया जाएगा। तीरंदाजी संघ पहले से प्रतिबंधित है। ऐसे में वह ट्रायल का खर्च भारतीय ओलम्पिक संघ को सौंपेगा। तीरंदाजी संघ ने भारतीय ओलम्पिक संघ से ट्रायल के लिए अनुमति मांगी है।

रिलेटेड पोस्ट्स