हाकी कोच रोमेश पठानिया द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित

हमीरपुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नादौन निवासी प्रसिद्ध हाकी कोच रोमेश सिंह पठानिया को शनिवार को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया। देश को 19 ओलंपियन, 7 अर्जुन पुरस्कार विजेता, 2 पद्मश्री विजेता व एक राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार विजेता खिलाड़ी देने वाले रोमेश सिंह पठानिया ने इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए 30 साल कड़ा परिश्रम किया।

रोमेश पठानिया ने बताया कि उनके प्रशिक्षण के दौरान भारत की हाकी टीम ने सब जूनियर एशिया कप में गोल्ड मेडल, अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में दो बार सिल्वर मेडल तथा लड़कियों की जूनियर टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की। मौजूदा हाकी टीम में भी उनके द्वारा प्रशिक्षित दो खिलाड़ी देश के लिए खेल रहे हैं। उनसे प्रशिक्षण प्राप्त नामी खिलाड़ियों में सरदारा सिंह, संदीप सिंह, श्रीजेश, बीआर रघु, एसवी सुनील, विलियम खालको, बीरेंद्र लाकड़ा आदि प्रमुख हैं। इस बीच, केद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तरसेम लाल कपिल ने रोमेश पठानिया को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए बधाई दी है।

रिलेटेड पोस्ट्स