बारिश ने मचाई हॉकी खिलाड़ी युवराज वाल्मिकी के घर तबाही

मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई और इसके पड़ोसी जिलों में बुधवार को तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश के चलते यातायात सेवाएं बाधित हो गईं। इसके साथ ही कई बिल्डिंगों और घरों को भी नुकसान पहुंचा। भारतीय टीम से बाहर चल रहे हॉकी खिलाड़ी युवराज वाल्मीकि को बुधवार को अजीब समस्या का सामना करना पड़ा, जब मुंबई में भारी बारिश के कारण उनके घर में पानी भर गया। 
युवराज ने अपने टि्वटर हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्हें अपने फ्लैट के ड्रॉइंग रूम से टखने तक भरे पानी को बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। युवराज ने इस 28 सेकेंड के वीडियो में बृह्न्न मुंबई नगर निगम के अलावा महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे से भी मदद मांगी। 30  साल के युवराज नीदरलैंड के द हेग में 2014 विश्व कप में खेलने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। मुंबई और इसके आसपास के क्षेत्र में बेहद तेज बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने नई दिल्ली में एक विशेष बुलेटिन में कहा कि मुंबई और इसके पड़ोसी इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह तक अत्यधिक भारी बारिश जारी रहेगी। साथ ही, छह अगस्त की सुबह मुंबई और इससे लगे कोंकण तट पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है। वहीं, स्थानीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मुंबई और उपनगरीय इलाकों में प्रतिघंटे 30 से 50 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। 

रिलेटेड पोस्ट्स