भारत की तीन बेटियां खेल रत्न के लिए नामित

पहलवान विनेश फोगाट, हाकी खिलाड़ी रानी रामपाल और टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा शामिल

खेलपथ प्रतिनिधि

नई दिल्ली। विभिन्न भारतीय खेल महासंघों ने इस बार खेल रत्न के लिए तीन महिला खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की है। देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए मंगलवार को हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल, भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने महिला पहलवान विनेश फोगाट और भारतीय टेबल टेनिस महासंघ ने मनिका बत्रा के नाम की अनुशंसा की है।

रानी रामपाल

विनेश टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली इकलौती भारतीय महिला पहलवान हैं। वहीं, टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा पिछले साल भी देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार की दौड़ थीं। वह राष्ट्रमंडल खेलों के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पहली महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं।
खेल रत्न के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 के बीच का प्रदर्शन आधार रहेगा। इस दौरान रानी रामपाल की कप्तानी में भारत ने 2017 में महिला एशिया कप जीता और 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया। विश्व खेल एथलीट का पुरस्कार पाने वाली पहली भारतीय रानी को 2016 में अर्जुन और 2020 में पद्मश्री मिल चुका है।

मनिका बत्रा

दीपक पूनिया, साक्षी मलिक अर्जुन पुरस्कार की दौड़ में
कुश्ती संघ ने विश्व चैंपियनशिप के पदकधारी राहुल अवारे, ओलंपिक के लिए क्वालीफाइ कर चुके दीपक पूनिया और साक्षी मलिक के अलावा 2 अन्य पहलवानों को अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया है। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ ने मधुरिका पाटकर, मानव ठक्कर, सुतीर्थ मुखर्जी और हॉकी इंडिया ने वंदना कटारिया, मोनिका, हरमनप्रीत सिंह का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा है।
हॉकी इंडिया ने मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए पूर्व खिलाड़ी आरपी सिंह और तुषार खांडकर के नाम भेजे हैं। कोच बीजे करियाप्पा और रमेश पठानिया के नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजे गये हैं। डब्ल्यूएफआई ने वीरेंद्र कुमार और राष्ट्रीय महिला टीम के कोच कुलदीप मलिक को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए नामित किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स