इंगलैंड में 75 दिन बंद रहने के बाद प्रतिस्पर्धी खेल फिर शुरू

लंदन। मध्य बर्मिंघम के लगभग खाली स्टेडियम में सुबह के समय ग्रेहाउंड रेस (कुत्तों की दौड़) पर आम तौर पर अधिक लोगों का ध्यान नहीं जाता लेकिन इंगलैंड के दर्शकों के लिए यह बहुप्रतीक्षित लम्हा था क्योंकि इसके साथ इंगलैंड में 75 दिन बाद प्रतिस्पर्धी खेल शुरू हो गए। सोमवार को पैरी बार पर सुबह जैसे ही 6 कुत्ते रेस के लिए दौड़े तो इंगलैंड में प्रतिस्पर्धी खेलों की वापसी हुई जो कोरोना वायरस के कारण 75 दिन से बंद थे।

इस रेस में आईएम सोफी नाम के कुत्ते ने जीत दर्ज की। ग्रेहाउंड रेस सोमवार को शुरू होने वाले तीन खेलों में से एक रही। इसके अलावा घुड़दौड़ और स्नूकर स्पर्धाएं भी सोमवार को स्टेडियम में दर्शकों की गैरमौजूदगी में दोबारा शुरू हुईं। साथ ही यह शर्त रखी गई कि प्रतिभागी और अधिकारी सरकार द्वारा स्वीकृत कोरोना वायरस नियमों का पालन करेंगे। न्यूकासल के गोसफोर्थ पार्क में होने वाली घुड़दौड़ के दौरान जॉकी को मास्क पहनने होंगे और कोर्स पर सीमित लोगों को आने की स्वीकृति होगी। घुड़दौड़ ब्रिटेन में कोरोना वायरस के कारण बंद होने वाला अंतिम खेल था जिसे 17 मार्च को रोका गया था। स्नूकर चैंपियनशिप लीग भी मिल्टन केनेस में कल से शुरू होगी।

रिलेटेड पोस्ट्स