साइ के कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री राहत कोष में दिए 76 लाख रुपये

नई दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के कर्मचारियों ने एकजुटर होकर कोरोना वायरस से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में 76 लाख रुपये का योगदान दिया है। ये राशि साइ के ग्रुप-ए, बी और सी के कर्मचारियों ने दिए हैं। ए-ग्रुप के कर्मचारियों ने अपनी तीन दिन की, बी-ग्रुप के कर्मचारियों ने अपनी दो दिन की और सी-ग्रुप के कर्मचारियों ने अपनी एक दिन की सैलरी दान की है। 
केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने साइ के कर्मचारियों की इस पहल का स्वागत किया है। रिजिजू ने उनकी तारीफ करते हुए टिवटर पर लिखा, “मुझे यह बताते हुए बेहद गर्व महसूस हो रहा है कि भारतीय खेल प्राधिकरण के ए-ग्रुप के कर्मचारियों ने अपनी तीन दिन की, बी-ग्रुप के कर्मचारियों ने अपनी दो दिन की और सी-ग्रुप के कर्मचारियों ने अपनी एक दिन का सैलरी प्रधानमंत्री राहत कोष में दान की है। ” 
केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाजपा सांसदों को दिए गए निर्देश पर अपनी ओर से योगदान करते हुए कोविड-19 से लड़ने के लिए एक महीने का वेतन दान में दिया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ देश की लड़ाई के लिए भाजपा के सभी सांसदों को अपनी सांसद निधि से एक करोड़ रुपये का योगदान देने को कहा था। 
खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर लिखा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करने और नागरिकों की सुरक्षा पर अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष की घोषणा की। इसमें कम राशि के दान को भी स्वीकार किया जाता है। हमें भी अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत को स्वस्थ और समृद्ध बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। मैंने अपना एक महीने का वेतन दान कर दिया है।''
बता दें कि दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं। इटली, अमेरिका, स्पेन जैसे देशों में मृतकों की संख्या में भी बड़ी संख्या में इजाफा हो रहा है। दुनियाभर में अब तक साढ़े सात लाख से अधिक कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं।
भारत में भी कोरोना के मामले 1200 के पार पहुंच गए हैं। सोमवार को सबसे अधिक 227 नए मामले सामने आए। इस तरह कोरोना संक्रमितों की संख्या 1251 हो गई है। इसमें से 102 लोग ठीक हो चुके हैं और 32 लोगों की मौत हुई है।

रिलेटेड पोस्ट्स