एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में सभी की निगाहें मेरीकाम और पंघाल पर

अम्मान (जोर्डन)। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता एमसी मेरीकाम (51 किग्रा) और विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदकधारी मुक्केबाज अमित पंघाल (52 किग्रा) शनिवार को एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर से तोक्यो ओलंपिक में जगह बनाने की मुहिम शुरू करेंगे। मेरीकोम (37 वर्ष) लगातार दूसरी बार ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने की उम्मीद लगाये हैं। 
विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने के बाद वह पिछले कुछ महीनों से कड़ी मेहनत में जुटी हैं। वह इस कांसे से विश्व चैम्पियनशिप में आठ पदक जीतने वाली पहली मुक्केबाज -पुरूष या महिला- बनी थीं। छह बार की विश्व चैम्पियन मेरीकोम को अपने वजन वर्ग में दूसरी वरीयता मिली है और वह पहले दौर में न्यूजीलैंड की तसमीन बेनी के सामने होंगी। दो जीत दर्ज करने के बाद वह तोक्यो के लिये क्वालीफाई कर लेंगी। भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम के विदेशी कोच रफाएल बर्गामास्को ने कहा, ‘‘मेरीकोम जानती है कि यह उसका अंतिम ओलंपिक है और वह अपना सर्वश्रेष्ठ करके पदक के साथ अपना सपना समाप्त करना चाहती हैं। उसने काफी कड़ी मेहनत की है।

’’ पंघाल अपने करियर के शानदार दौर में हैं। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक से उन्होंने अपने दबदबे की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप में एक और सोने का तमगा जीता और फिर विश्व चैम्पियनशिप में ऐतिहासिक रजत पदक जीतने में सफल रहे। पहले दौर में बाई मिलने के बाद वह अपने अभियान की शुरूआत मंगोलिया के एंखमानादाख खारखु के खिलाफ करेंगे जिनके खिलाफ उनका रिकार्ड 1-1 से बराबर है। भारतीय टीम के मुख्य कोच सीए कुटप्पा ने कहा, ‘‘अमित ने एशियाई खेलों से पहले हुए उसे एकतरफा मुकाबले में हराया था। विश्व सैन्य खेलों में अमित इसी खिलाड़ी से 0-5 से हार गया था। हमारी योजना हर राउंड में मौके बनाने की है। ’’

रिलेटेड पोस्ट्स