बलबीर सिंह खुल्लर और जोगिंदर सिंह सैनी नहीं रहे

एक ही दिन दो खेल शख्सियतों का निधन

नयी दिल्ली। पूर्व हाकी खिलाड़ी बलबीर सिंह खुल्लर का पंजाब में उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। वह 1968 में ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनका बेटा कमलबीर सिंह अमेरिका में बसा है, उन्होंने रविवार को कहा, ‘मेरे पिता को मेरे साथ अमेरिका जाना था लेकिन अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और शुक्रवार दोपहर को जालंधर जिले में संसारपुर में हमारे पैतृक निवास पर उनका निधन हो गया।’ खुल्लर का दाह संस्कार सोमवार को किया जायेगा। पंजाब के जालंधर जिले के संसारपुर में जन्मे बलबीर ने 1963 में फ्रांस के लियोन में भारत की ओर से पदार्पण किया। बलबीर 1966 में बैंकाक एशियाई खेलों में स्वर्ण और 1968 में मैक्सिको में हुए ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे।
एथलेटिक्स कोच सैनी का निधन
पटियाला : अनुभवी एथलेटिक्स कोच और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता जोगिंदर सिंह सैनी का रविवार को यहां बढ़ती उम्र से संबंधित परेशानियों के कारण निधन हो गया। वह 90 बरस के थे। वह 1970 से 1990 के दशक के बीच कई वर्षों तक राष्ट्रीय एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच रहें। पंजाब के होशियारपुर जिले में एक जनवरी 1930 को जन्में सैनी एनआईएस पटियाला से कोचिंग का कोर्स करने के बाद 1954 में एथलेटिक्स कोच बने। भारतीय एथलेटिक्स में योगदान के लिए सैनी को 1997 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से नवाजा गया।

रिलेटेड पोस्ट्स