भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने परिवार संग डाला वोट

बोले- मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, हमारी शक्ति है

नई दिल्ली। दिल्ली में जारी विधानसभा चुनाव के बीच पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गौतम गंभीर ने भी लोकतंत्र के इस महान पर्व में हिस्सा लेकर अपने माता-पिता और पत्नी के साथ जाकर मतदान किया। मतदान करने बाद गौतम गंभीर ने अपने परिवार की फोटो ट्वीट कर इसकी जानकारी साझा की। वोट डालने से पहले गौतम गंभीर ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ''मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं है। हमारी शक्ति है। मैं प्रत्येक दिल्लीवासी और विशेष रूप से युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे जरूर और मताधिकार का उपयोग करें और लोकतंत्र के सबसे बड़े त्योहार में भाग लें।''
जानकारी के अनुसार, दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो गया। दिल्ली में आज 1.47 करोड़ लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर 672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए दिल्ली में 2,689 स्थानों पर कुल 13,750 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। सुरक्षाबल 70 विधानसभा क्षेत्रों में पैनी नजर रख रहे हैं। पुलिस और अर्द्धसैन्य बल के कर्मी शाहीन बाग, जामिया नगर और सीलमपुर जैसे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रणबीर सिंह ने बताया कि 81 लाख से अधिक पुरुष मतदाता, 66.80 लाख महिला मतदाता और 869 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। इनमें करीब 2.33 लाख मतदाता 18 से 19 साल की आयुवर्ग के हैं, 2.04 लाख मतदाता 80 साल के वरिष्ठ नागरिक हैं जबकि 11,608 सर्विस वोटर हैं।
​इस बार जो दिग्गज उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं उनमें- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आम आदमी पार्टी की आतिशी और राघव चड्ढा, चार पूर्व महापौर भाजपा के आजाद सिंह, योगेंद्र चंदोलिया, रवींदर गुप्ता और खुशी राम तथा दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की बेटी शिवानी चोपड़ा जैसे नाम शामिल हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स