रोअरों के ओलम्पिक क्वालीफिकेशन पर मंडराया खतरा

खेल मंत्रालय ने रोइंग फेडरेशन की मान्यता की रद्द
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
रोअरों के टोक्यो ओलंपिक क्वालिफिकेशन पर खतरा मंडराने लगा है। खेल मंत्रालय ने बुधवार को रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के चुनाव को अवैध ठहराते हुए उसकी मान्यता रद्द कर दी। साथ ही भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को फेडरेशन की कार्यकारिणी को भंग करते हुए तदर्थ कमेटी गठित करने के लिए कहा है।
मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि फेडरेशन के छह दिसंबर 2019 को हुए चुनाव मंत्रालय के स्पोर्ट्स कोड के अनुसार नहीं थे। कोड के मुताबिक चुनाव में कम से कम 25 यूनिट को भाग लेना चाहिए था, लेकिन इसमें 18 ने ही भाग लिया। साथ ही कोड में प्राक्सी वोटिंग का अधिकार नहीं है। यहां प्राक्सी वोटिंग भी कराई गई। राज्य यूनिटों को दो की बजाय तीन वोट का अधिकार दिया गया।
मंत्रालय ने एक फरवरी 2020 से फेडरेशन की मान्यता रद्द करने के लिए कहा है। रोविंग का ओलम्पिक क्वालिफिकेशन अप्रैल में कोरिया में होना है। रोअर इस वक्त भोपाल में इस चैंपियनशिप की तैयारियां कर रहे हैं। सिंगल स्कल में स्वर्ण सिंह और दुष्यंत और डबल स्कल में अर्जुन जाट, स्वर्ण सिंह के क्वालीफाई करने की सम्भावना है। अगर फेडरेशन ने इस चैंपियनशिप के लिए एंट्री नहीं भेजी तो भारतीय टीम यहां भाग नहीं ले पाएगी। सिडनी (2000) से रियो ओलम्पिक तक हर बार रोअर भाग लेते आए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स