हॉकी इंडिया का बुशफायर के लिए दान, ऑस्ट्रेलिया ने कहा शुक्रिया

हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग के लिए 25 हजार डॉलर का दान दिया है, जिसके लिए हॉकी ऑस्ट्रेलिया ने इस योगदान पर उसका आभार जताया है। हॉकी ऑस्ट्रेलिया की अध्यक्ष मेलानी वूसनाम ने हॉकी इंडिया को अपना आभार जताते हुए कहा कि वह हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद का इस समर्थन के लिए धन्यवाद करना चाहती हैं। 
एचआई ने रेड क्रॉस बुशफायर अपील में 25 हजार डॉलर का दान दिया है तथा हॉकी ऑस्ट्रेलिया को भारतीय पुरुष और भारतीय महिला हॉकी टीमों की शर्ट भी नीलामी में बेचने के लिए दान की है। वूसनाम ने कहा,“ मैं अपने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों द्वारा इस मुश्किल समय में मेरे देश के लिए समर्थन देने का धन्यवाद करती हूं। हम हॉकी इंडिया के इस कदम की सराहना करते हैं कि उन्होंने बुशफायर अपील में अपना योगदान दिया है।” 
इस बीच हॉकी इंडिया प्रमुख ने भी बुशफायर के पीड़ितों के लिए योगदान देने पर खुशी जताई है। अहमद ने कहा, “हॉकी इंडिया और पूरा हॉकी जगत ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग से आहत है। हॉकी इंडिया और भारतीय हॉकी समुदाय की ओर से हम हॉकी आस्ट्रेलिया को अपना योगदान देना चाहते हैं।”

रिलेटेड पोस्ट्स