राखी ने कतर इंटरनेशनल कप में जीता कांस्य

बनाए दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड
भारतीय महिला वेटलिफ्टर राखी हलदर (64 किलोग्राम) ने कतर इंटरनेशनल कप में कांस्य पदक जीतने के साथ दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए। राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप की चैंपियन ने स्नैच और कुल भार में अपने ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार किया। उन्होंने स्नैच में 95 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 123 किलोग्राम के साथ कुल 218 किलोग्राम भार उठाया।
राष्टमंडल चैंपियनशिप में राखी ने 214 किलोग्राम (94किग्रा+120किग्रा) वजन उठाकर पीला तमगा जीता था। भारतीय खिलाड़ियों ने रजत स्तर की इस ओलम्पिक क्वालीफाइंग स्पर्धा में कुल तीन पदकों के साथ अपना अभियान खत्म किया। पूर्व विश्व चैंपियन मीराबाई चानू ने स्वर्ण जबकि युवा जेरेमी लालरिंनुगा ने रजत पदक जीता था। इस टूर्नामेंट के अंक 2020 टोक्यो ओलम्पिक के लिए कट तैयार करते समय काफी अहम होंगे।
ओलम्पिक क्वालीफाई करने के लिए एक वेटलिफ्टर को छह महीने की तीन अवधियों (नवंबर 2018 से अप्रैल 2020 तक) में से प्रत्येक में कम से कम एक स्पर्धा और कुल छह स्पर्धाओं में भाग लेना होगा। इसके साथ ही खिलाड़ी को कम से कम एक गोल्ड और एक अन्य रजत स्तर की स्पर्धा में भाग लेना होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स