क्रिकेटर सिद्धेश लाड भी शादी के बंधन में बंधे

मनीष पांडे के बाद भारतीय क्रिकेटर सिद्धेश लाड भी शादी के बंधन में बंध गए हैं। सिद्धेश दिनेश लाड मुंबई के खिलाड़ी हैं। उन्होंने नौ साल के रिलेशनशिप के बाद हीरलखत्री से शादी की। शादी का पहली तस्वीर सिद्धेश की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने सोशल मीडिया पर शेयर की है। सिद्धेश लाड इससे पहले मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, लेकिन हाल ही में विंडो ट्रेडिग के बाद वह केकेआर का हिस्सा बन गए हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने सिद्धेश को हीरल को बधाई देते हुए ट्वीट किया- सिद्धेश लाड और हीर को शादीशुदा जिंदगी के लिए बधाई। सिद्धेश से पहले भारतीय क्रिकेटर मनीष पांडे ने दक्षिण भारतीय अभिनेत्री अश्रिता शेट्टी से शादी की। मनीष ने कर्नाटक को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने के अगले दिन ही शादी की। मनीष की शादी की खुशखबरी उनकी आईपीए फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने फैन्स को दी थी। 
बता दें कि सिद्धेश लाड 2015 सीजन से ही मुंबई इंडियंस के साथ थे। लाड ने अपना पहला आईपीएल मैच बीते सीजन यानि 2019 में खेला था। कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद लाड को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। लाड ने उस मैच में 13 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 15 रन बनाए थे। इस मैच में सिद्धेश ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था। 
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में नीलामी की शुरुआत 19 दिसंबर से कोलकाता में होगी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 14 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिनमें 4 विदेशी शामिल हैं। केकेआर के पास उपलब्ध भारतीय स्लॉट 11 खिलाड़ियों का है। वहीं, विदेशी स्लॉट में 4 खिलाड़ियों की जगह है। 
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इन खिलाड़ियों को किया रिटेन: आंद्रे रसेल, दिनेश कार्तिक, हैरी गुर्ने, कमलेश नागरकोटी, कुलदीप यादव, लॉकी फग्युर्शन, नीतीश राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, रिंकू सिंह, संदीप वॉरियर, शिवम मावी, शुभमन गिल, सिद्धेश लाड, सुनील नारायण।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इन खिलाड़ियों को किया रिलीज: एनरिक एनरिच नॉर्टजे, कार्लोस ब्रैथवेट, क्रिस लिन, जो डेनली, केसी करियप्पा, मैट केली, निखिल नाइक, पीयूष चावला, पृथ्वी राज यारा, रॉबिन उथप्पा, श्रीकांत मुंधे।
रिलेटेड पोस्ट्स