सरदार सिंह बन सकते हैं जूनियर हॉकी टीम के कोच

शीर्ष अधिकारियों के साथ हो चुकी है एक दौर की बातचीत

खेलपथ प्रतिनिधि

नई दिल्ली।पूर्व भारतीय कप्तान और सेंटर हाफ सरदार सिंह जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच बन सकते हैं। हॉकी इंडिया के करीबी सूत्रों के अनुसार इस बाबत सरदार सिंह और शीर्ष अधिकारियों के बीच एक दौर की बात हो चुकी है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो सरदार सिंह के नए साल में जिम्मेदारी संभालने की उम्मीद है। इस पूर्व ओलंपियन के जल्द ही हॉकी में बतौर कोच मास्टर्स करने की भी योजना है। हॉकी इंडिया ने टीम के खराब प्रदर्शन के चलते जून में जूड फेलिक्स को कोच पद से हटा दिया था। उसके बाद से यह पद खाली पड़ा है। हरेन्द्र सिंह की विदेशी कोच के बराबर वेतन की मांग के चलते फिलहाल सरदार ही सबसे बेहतर विकल्प हैं।
टीम की जिम्मेदारी फिलहाल बीजे करिअप्पा संभाल रहे हैं लेकिन यह कामचलाऊ व्यवस्था ही है। सरदार को भले ही अभी कोचिंग का बहुत अनुभव नहीं लेकिन आज के जमाने की हॉकी की उनकी समझ पर कोई भी सवाल नहीं उठा सकता है। उन्होंने हॉकी को अलविदा कहने से पहले करीब डेढ़ दशक तक ओलंपिक, विश्व कप, एशियाई खेलों, चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप जैसे हर बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की नुमाइंदगी करने के साथ ज्यादातर में कप्तानी भी की है।

रिलेटेड पोस्ट्स