एथलेटिक्स में भारत ने 4 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते, शूटर भी छाये

काठमांडू : भारतीय एथलीटों ने 13वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को यहां एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पहले दिन चार स्वर्ण पदक सहित दस पदक जीते। अर्चना सुसींद्रन (100 मीटर), एम जासना (महिला ऊंची कूद), सर्वेश अनिल कुशारे (पुरुष ऊंची कूद) और अजय कुमार सरोज (पुरुष 1500 मीटर दौड़) ने स्वर्ण पदक हासिल किये। सुसींद्रन 100 मीटर दौड़ में 11.80 सेकेंड का समय लेकर खेलों की सबसे तेज महिला बनी। उन्होंने श्रीलंका की थानुजी अमाशा (11.82) और लक्षिका सुंगद (11.84) को पीछे छोड़ा।

महिलाओं की ऊंची कूद में जासना ने 1.73 मीटर कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता जबकि रूबिना यादव ने 1.69 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया। कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में 2.21 मीटर के साथ सोने का तमगा अपने नाम किया। भारत के चेतन बालासुब्रहमण्यम ने 2.16 मीटर की कूद लगाकर रजत पदक जीता। सरोज ने पुरुष 1500 मीटर में 3 मिनट 54.18 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि अजीत कुमार ने 3 मिनट 57.18 सेकेंड के साथ रजत पदक अपने नाम किया। नेपाल के तंका कार्की ने कांस्य पदक जीता। कविता यादव ने महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ 35 मिनट 7.95 सेकेंड में पूरी करके रजत पदक हासिल किया। इससे पहले भारत की चंदा (चार मिनट 34.51 सेकेंड) ने महिला 1500 मीटर में रजत जबकि उनकी हमवतन चित्रा पालाकीज (4 मिनट 35.46 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता। भारत ने इस तरह से आज एथलेटिक्स में चार स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीते।

फुटबाल में महिला टीम की मालदीव पर आसान जीत
पोखरा : बाला देवी के दो गोल की मदद से मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला फुटबाल टीम ने आज यहां मालदीव को 5-0 से करारी शिकस्त देकर दक्षिण एशियाई खेल (सैग) में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। बालादेवी ने 2 गोल किये जबकि डेंगमेई ग्रेस, मनीषा और जाबमनी टुडु ने 1-1 गोल दागा।
मेहुली को 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण, भारत ने जीते सभी पदक भारतीय निशानेबाजों ने दक्षिण एशियाई खेल (सैग) में महिलाओं की 10 मीटर  एयर राइफल स्पर्धा में दांव पर लगे सभी पदक जीते जिनमें से मेहुली घोष ने विश्व रिकार्ड से बेहतर स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। मेहुली का प्रयास हालांकि विश्व रिकार्ड नहीं माना जाएगा क्योंकि दक्षिण एशियाई खेलों के परिणाम को अंतर्राष्ट्रीय संस्था (आईएसएसएफ) रिकार्ड के लिहाज से मान्यता नहीं देती। भारत ने 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता। 19 वर्षीय मेहुली ने फाइनल में 253.3 अंक बनाकर सोने का तमगा हासिल किया। उनका यह प्रयास विश्व रिकार्ड 252.9 से 0.4 बेहतर है। विश्व रिकार्ड एक अन्य भारतीय अपूर्वी चंदेला के नाम पर है। श्रीयंका सदांगी ने 250.8 अंक बनाकर रजत पदक जबकि श्रेया अग्रवाल ने 227.2 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

पुरुष और महिला वाॅलीबाल टीमों ने जीते स्वर्ण
काठमांडू : भारत ने मंगलवार को यहां दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) की वालीबाल स्पर्धा में पुरुष और महिला दोनों वर्ग के खिताब जीत लिए। भारत की पुरुष वालीबाल टीम ने कड़े फाइनल में पाकिस्तान को 20-25, 25-15, 25-17, 29-27 से हराकर 2016 में घरेलू सरजमीं पर जीते स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। भारतीय टीम ने पहला सेट गंवा दिया था लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए अगले तीन सेट जीतकर खिताब अपने नाम किया। कांस्य पदक श्रीलंका ने जीता। महिला फाइनल में भी गत‍् चैंपियन भारत को नेपाल के खिलाफ 5 सेट तक जूझना पड़ा। भारतीय टीम अंतत: 25-17, 23-25, 21-25, 25-20, 15-6 से खिताब जीतने में सफल रही। महिला वर्ग का कांस्य पदक भी श्रीलंका ने जीता।

सिरसा के अमित का शानदार प्रदर्शन
सिरसा (निस) : काठमांडु में चल रहे 13वें दक्षिण एशियाई खेलों में वॉलीबॉल फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। टीम को जीत दिलाने में भारतीय टीम के अटैकर अमित की मुख्य भूमिका रही। उन्होंने शानदार खेल दिखाया। अमित यहां के एसएसजी ब्वॉयज कॉलेज के खिलाड़ी है। फाइनल में 4 सेट हुए। पहला सेट 20-25 के अंतर से हारने के बाद अगले 3 सेटों में भारतीय टीम ने पाक को 25-15, 25-17 व 29-27 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अमित की शानदार उपलब्धि पर एमएसजी भारतीय खेल गांव के इंचार्ज चरणजीत इन्सां, एसएसजी ब्वॉयज कॉलेज के प्रिंसिपल एसबी आनंद इन्सां, आदि ने बधाई दी।

टेबल टेनिस टीमों को स्वर्ण
भारत की पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीमों ने फाइनल में क्रमश: नेपाल और श्रीलंका को हराकर 13वें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते। भारत ने पुरुष वर्ग के फाइनल में मेजबान नेपाल को 3-0 से हराया जबकि महिला टीम ने श्रीलंका को इसी अंतर से पराजित किया। श्रीलंका और बांग्लादेश ने पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीते। जबकि महिला वर्ग के कांस्य पदक नेपाल और मालदीव ने हासिल किये। ।

रिलेटेड पोस्ट्स