आज भूटान में जन्मदिन मना रहे हैं विराट कोहली

भारतीय कप्तान के 15 हैरान कर देने वाले रिकॉर्ड

टीम इंडिया के कप्तान और 'रन मशीन' के नाम से मशहूर बेखौफ बल्लेबाज विराट कोहली का आज जन्मदिन है। 5 नवंबर को विराट कोहली अपना 31वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस बार विराट कोहली अपना जन्मदिन अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ भूटान में मना रहे हैं। विराट और अनुष्का भूटान वेकेशंस पर हैं। विराट कोहली के बारे में ऐसी कई बातें हैं, जो उनके फैन्स जानना चाहते हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज के नाम अब तक अनेकों रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं और मैच दर मैच वह नए-नए रिकॉर्ड भी बनाते जा रहे हैं। भारत को टेस्ट क्रिकेट में 11 लगातार होम सीरीज जितवाने वाले विराट कोहली आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर पर हैं। आइए उनके कुछ हैरान कर देने वाले रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

1. विराट कोहली के नेतृत्व में, 2008 में भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता। इस वर्ल्ड कप को जीतने के बाद विराट कोहली सुर्खियों में आए। 2008 में ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा और फिर दोबारा पीछे मुड़कर नहीं देखा।

2. 2009-10 में देवधर ट्रॉफी में कप्तानी संभालने वाले विराट कोहली सबसे युवा कप्तान थे। जब उन्होंने नॉर्थ जोन की कप्तानी संभाली तो वह 21 साल 124 दिन के थे।
3. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक दशक में 20,000 रन पूरे करने वाले विराट कोहली पहले खिलाड़ी हैं। इस साल यानि 2019 में वेस्टइंडीज के दौरे पर उन्होंने यह कारनामा किया था।
4. वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 10 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली के नाम है। वेस्टइंडीज के खिलाफ 2018 में नाबाद 157 रन की पारी में उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने 205 पारियों में ये रन पूरे किए, जबिक सचिन तेंदुलकर को इसके लिए 259 पारियां खेलनी पड़ीं।
5. आईसीसी के सभी सालाना पुरस्कार जीतने वाले वह एकमात्र खिलाड़ी हैं। 2018 में उन्होंने सर गैरी सोबर्स ट्रॉफी, आईसीसी टेस्ट और वनडे 'प्लेयर ऑफ द ईयर' का खिताब जीता।

6. विराट कोहली एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। 2017 में उन्होंने 1460रन बनाए। इससे पहले यह रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग के नाम था, जिन्होंने 2007 में 1424 रन बनाए थे। 

7. विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक दोहरे शतक लगाए हैं।
8. 2016 में विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक संस्करण में सर्वाधिक 973 रन बनाए।
9. विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)  के एक संस्करण 2016 में सर्वाधिक 4 शतक लगाए। 
10. कप्तान के रूप में विराट कोहली ने सर्वाधिक 150 या उससे अधिक का स्कोर बनाया।
11. विराट कोहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज में 500 रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।
12. विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इसके लिए महज 49 पारियां खेलीं। उन्होंने एबी डिविलियर्स और महेंद्र सिंह धौनी को पीछे छोड़ दिया। 
13. विराट कोहली ने एक कैलेंडर ईयर 2017 में सर्वाधिक 11 शतक लगाए। उन्होंने रिकी पोंटिंग और ग्राहम स्मिथ (9-9 शतक) को पीछे छोड़ा। 
14. विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले विराट कोहली एकमात्र भारतीय हैं। 2015 के विश्व कप में उन्होंने 126 गेंदों में 107 रन की पारी खेली थी।
15. विराट कोहली वनडे में 30 और 35 शतक तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज हैं। दोनों ही अवसर पर उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा है। पहला माइलस्टोन उन्होंने 186 पारियों में, जबकि सचिन ने 267 पारियों में हासिल किया था। कोहली का 35वां शतक 200वीं पारी में आया था।

रिलेटेड पोस्ट्स