जूनियर हाकी टीम ने न्यूजीलैंड को 8-2 से रौंदा

संजय के 2 गोल तथा अन्य खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से भारतीय जूनियर हाकी टीम ने सुल्तान जोहोर कप में रविवार को यहां न्यूजीलैंड पर 8-2 से बड़ी जीत दर्ज की। संजय ने 17वें और 22वें गोल किये। उनके अलावा दिलप्रीत सिंह (छठे मिनट), शैलानंद लाखड़ा (14वें), मनदीप मोर (22वें), सुमन बेक (45वें) प्रताप लाकड़ा (50वें) और सुदीप चिरमाको (51वें मिनट) ने भी गोल दागे। न्यूजीलैंड की तरफ से दोनों गोल डायलन थामस (28वें और 44वें मिनट) ने किये।

भारत की यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत है। राउंड रोबिन टूर्नामेंट में उसका अगला मुकाबला मंगलवार को जापान से होगा। भारतीय टीम ने शुरू से ही आक्राम रवैया अपनाया। उसे दूसरे मिनट में ही पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन न्यूजीलैंड ने उसे बचा दिया लेकिन दिलप्रीत सिंह ने जल्द ही मैदानी गोल करके भारत का खाता खोल दिया। इसके बाद भी भारतीय टीम ने दबाव बनाये रखा और इसका फायदा उठाकर शैलानंद ने 14वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया। भारत ने दूसरे क्वार्टर के शुरू में ही तीसरो गोल भी दाग दिया। न्यूजीलैंड ने इसके तुरंत बाद पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन भारतीय रक्षकों के सामने उसकी एक नहीं चली। कप्तान मनदीप मोर ने 20वें मिनट में चौथा गोल किया। इसके दो मिनट बाद भारत को पेनल्टी कार्नर मिला जिसे संजय ने गोल में बदला। थामस ने आखिर में न्यूजीलैंड का खाता खोला लेकिन भारतीय टीम मध्यांतर तक 5-1 की बढ़त से शानदार स्थिति में थी। न्यूजीलैंड ने तीसरे क्वार्टर में कुछ अच्छे प्रयास किये और थामस ने एक और गोल करके अंतर कम कर दिया। भारत ने हालांकि जवाबी हमला करके अगले ही मिनट में फिर से एक और गोल दाग दिया। भारत को इसके बाद पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला लेकिन न्यूजीलैंड के गोलकीपर ने उसे रोक दिया लेकिन वह उत्तम सिंह और सुदीप को गोल करने से नहीं रोक पाये।

रिलेटेड पोस्ट्स