खेल शिखर पर भारतीय नारी शक्ति

श्रीप्रकाश शुक्ला

पिछले कुछ महीनों में भारतीय खिलाड़ी बेटियों ने अपने स्वर्णिम कौशल से दुनिया भर में नारी शक्ति की जो झलक दिखाई है, उससे अगले साल जापान के टोक्यो शहर में होने जा रहे ओलम्पिक खेलों से एकाएक भारतीय खेलप्रेमियों का अनुराग जाग उठा है। जीत-हार खेल का हिस्सा है लेकिन भारतीय बेटियों की यह सफलता इसलिए मायने रखती है क्योंकि इनमें से अधिकांश बेटियां उन घरों से ताल्लुक रखती हैं, जिनके यहां बमुश्किल दो वक्त ही चूल्हा जलता है। शटलर पी.वी. सिन्धू और मानसी जोशी ने जहां बैडमिंटन में स्वर्णिम प्रदर्शन किया वहीं जमशेदपुर की कोमोलिका बारी और जबलपुर की रागिनी मार्को ने मैड्रिड में अपनी अचूक तीरंदाजी से दुनिया भर में वाहवाही लूटी है। हिमा दास, दुती चंद और अंजली कुंडू ने ट्रैक पर अपनी तेजी का जलवा दिखाया तो पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती में जौहर दिखाते हुए ओलम्पिक कोटा हासिल किया। पिछले महीने चीन के चेंगडू शहर में हुए विश्व पुलिस खेलों में तमिलनाडु पुलिस की पी. फ्रांसिस मैरी ने एथलेटिक्स में जो पटकथा लिखी वह भी हर भारतीय को हर्षित करने वाली है।

शटलरों और तीरंदाज बेटियों की ही तरह भारतीय युवा शूटरों ने भी अपने सटीक निशानों से दुनिया भर में शोहरत हासिल की है। अब तक भारत के जिन नौ शूटरों ने टोक्यो ओलम्पिक का कोटा हासिल किया है उनमें पांच बेटियां शामिल हैं। इन शूटरों में अपूर्वी चंदेला, अंजुम मोदगिल, राही सरनोबत, मनु भाकर और यशस्विनी देसवाल शामिल हैं। स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिन्धू के प्रदर्शन में बेशक स्थायित्व नहीं हो लेकिन वह टोक्यो ओलम्पिक में पदक की प्रमुख दावेदारों में हैं। पी.वी. सिंधु ने विश्व चैम्पियनशिप में अब तक पांच पदक जीते हैं, जिनमें एक स्वर्ण, दो रजत तथा दो कांस्य पदक शामिल हैं। सिन्धू जैसा विश्व विजयी कीर्तिमान दुनिया की किसी भी शटलर के नाम नहीं है। सिन्धू की कामयाबी किसी प्रेरक कहानी सरीखी है जो बताती है कि लगातार हार के बाद भी यदि धैर्य न खोया जाये तथा लक्ष्य को केन्द्र में रखा जाये तो कामयाबी कदम जरूर चूमती है। सिन्धू की इस जीत के साथ ही इसी खेल में पैरा शटलर मानसी जोशी ने भी अपने जोशीले और दमदार खेल से विश्व पैरा बैडमिंटन चैम्पियनशिप का एकल खिताब अपने नाम किया। मानसी जोशी ने बासेल में विश्व पैरा बैडमिंटन चैम्पियनशिप के महिला एकल फाइनल में हमवतन पारुल परमार को हराकर खिताब जीता।

भारतीय शटलरों की शानदार सफलता से तीरंदाज बेटियों को भी जीत का संदेश मिला। मैड्रिड में खेली गई जूनियर विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में जमशेदपुर की टाटा तीरंदाजी अकादमी की 17 साल की तीरंदाज कोमोलिका बारी ने स्वर्णिम तीर बरसाए। कोमोलिका से पहले दीपिका कुमारी ने 2009 में यह खिताब जीता था। 2016 में कोमोलिका के पिता घनश्याम बारी ने अपनी बेटी को तीरंदाजी सीखने के लिए इसलिए भेजा था ताकि वह फिट रहे लेकिन उसने तीर-कमान को ही अपना हमसफर बना लिया। कोमोलिका की मां लक्ष्मी बारी आंगनबाड़ी सेविका हैं। लक्ष्मी चाहती थीं कि उनकी बिटिया तीरंदाजी में कौशल दिखाए क्योंकि इस खेल में चोट का खतरा कम होता है। मां की पसंद को ध्यान में रखते हुए ही कोमोलिका ने तीरंदाजी खेल को अपनाया। कोमोलिका अब तक डेढ़ दर्जन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं। झारखंड की इस बेटी को तीरंदाजी में अब दीपिका कुमारी के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

कोमोलिका की ही तरह मध्य प्रदेश तीरंदाजी एकेडमी जबलपुर की तीरंदाज रागिनी मार्को ने भी मैड्रिड में अपने सटीक निशानों की धूम मचाते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। रागिनी ने फिरोजपुर के सुखबीर सिंह के साथ मिलकर भारत को विश्व युवा तीरंदाजी प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक दिलाया। रागिनी तीरंदाजी से पहले थ्रो बाल की राष्ट्रीय चैम्पियन रही हैं। सफलता की इसी कड़ी में भारत की जूनियर मुक्केबाज बेटियों ने सर्बिया के वरबास में आयोजित तीसरी नेशंस कप मुक्केबाजी में चार स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक अपने नाम किए। 48 किलोग्राम भारवर्ग में रूस की एलेना ट्रेमासोवा को 5-0 से मात देने वाली भारत की तमन्ना को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज घोषित किया गया। भारत को अन्य तीन स्वर्ण पदक 57 किलोग्राम भारवर्ग में अम्बेशोरी देवी, 60 किलोग्राम भारवर्ग में प्रीति दहिया और 66 किलोग्राम भारवर्ग में प्रियंका ने दिलाए।

चीन के चेंगडू शहर में आयोजित विश्व पुलिस खेलों में भी भारतीय बेटियों ने कमाल का प्रदर्शन किया और कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, एथलेटिक्स तथा मुक्केबाजी में स्वर्णिम सफलताएं हासिल कीं। पावरलिफ्टिंग में झारखण्ड की सुजाता भकत ने दो स्वर्ण पदक जीते तो कुश्ती में दीपिका जाखड़ और मंजू सूरा ने स्वर्णिम सफलता हासिल की। मुक्केबाजी में कविता चहल और बंटी तथा एथलेटिक्स में तमिलनाडु की पी. फ्रांसिस मैरी, उत्तर प्रदेश की खुशबू गुप्ता व राजस्थान की मीनू ने स्वर्ण पदकों से अपने गले सजाए। बेटियों के नायाब कौशल के इस फलसफे में हमें एथलीट स्वप्ना बर्मन, पहलवान पूजा ढांडा, निशानेबाज अंजुम मोदगिल, मुक्केबाज सोनिया लाठर, क्रिकेटर पूनम यादव तथा पहलवान विनेश फोगाट को भी शाबासी देनी होगी जिन्होंने विभिन्न खेल मंचों पर अपने-अपने खेल में भारत का गौरव बढ़ाया है।

मौजूदा दौर में पक्षपात और पूर्वाग्रह जैसे भाव जहां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र को दूषित कर रहे हैं वहां खेल प्रवीणता एवं योग्यता के दुर्लभ पर्याय बने हुए हैं। खेलने-कूदने वाला समाज ही स्वस्थ और तंदुरुस्त समाज होता है। स्वस्थ एवं खुशहाल समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों के बारे में कहा जाता है कि उनमें दुनिया को बदलने की शक्ति होती है। हमारे समक्ष तमाम आसन्न चुनौतियों के अलावा एक महत्वपूर्ण लक्ष्य यह भी होना चाहिए कि हमें देश में खेल संस्कृति को पल्लवित-पुष्पित करना है।

आज जरूरत भारतीय समाज को खेल देखने वाले से खेल खेलने वाले समाज में बदलने की है। हमें महज सहभागिता से आगे बढ़कर अब खेलों में जीतने का मंत्र तलाशना होगा। आज खेलों की अहमियत को नकारा नहीं जा सकता। एक कड़वा सत्य यह भी कि अपनी आबादी और अर्थव्यवस्था के लिहाज से खेलों के मोर्चे पर हम अपनी क्षमताओं से काफी कमतर हैं। विषम परिस्थितियों के होते हुए भी बेटियों का खेल क्षेत्र में नाम रोशन करना बहुत बड़ी बात है। आओ बेटियों के स्वर्णिम प्रदर्शन पर तालियां पीटें और उन्हें खेल की दिशा में प्रोत्साहित करें ताकि स्वस्थ भारत की संकल्पना को फलीभूत किया जा सके।

रिलेटेड पोस्ट्स