सेमीफाइनल में हारी पूजा ढांडा

नहीं मिलेगा ओलम्पिक टिकट

नई दिल्ली। भारतीय महिला पहलवान पूजा ढांडा (59 किलोग्राम) को  कजाकिस्तान के नूर-सुल्तान में जारी विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले में रूर की लिउबोव ओवचारोवा के हाथों 10-0 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। अब वह ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेलेंगी। इससे पहले विश्व चैम्पियनशिप 2018 की कांस्य पदकधारी पूजा ने बुधवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मौजूदा एशियन चैम्पियन जापान की यूजुका इनागाकि को 11-8 से हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया। इससे पहले पूजा ने पहले राउंड में कात्सियारना हंचार यानुशकेविक को 12-2 से पराजित किया था। चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने के बावजूद पूजा ओलम्पिक कोटा हासिल नहीं कर पाईं क्योंकि 59 किलोग्राम एक गैर-ओलम्पिक भार वर्ग है।
पूजा ढांडा से पहले स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने 2020 टोक्यो ओलम्पिक का टिकट कटा लिया है। विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में अमेरिका की सारा हिल्डेब्रांट को हराने के साथ ही विनेश ने टोक्यो ओलम्पिक 2020 के लिए क्वॉलीफाई कर लिया। विश्व चैम्पियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट सारा पर 8-2 की शानदार जीत से 25 साल की पहलवान ने टोक्यो खेलों में अपना स्थान पक्का किया। विनेश फोगाट ने ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में जर्मनी की मारिया प्रेवोलाराकी को हराकर दोहरी खुशी हासिल की। विश्व चैम्पियनशिप में विनेश का यह पहला मेडल है।

रिलेटेड पोस्ट्स