रिजिजू ने ब्रिटेन के खेल मंत्री मोर्गन से मांगा निजी हस्तक्षेप

खेल मंत्री कीरेन रिजिजू ने ब्रिटेन के डिजिटल, संस्कृति, मीडिया और खेल मंत्री निकी मोर्गन को पत्र लिखकर 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी स्पर्धा को शामिल करने के लिये उनके हस्तक्षेप की मांग की। वर्ष 1974 के बाद पहली बार निशानेबाजी को ‘लाजिस्टिकल’ मुद्दों के कारण खेलों के कार्यक्रम से बाहर किया गया है। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत निशानेबाजी में काफी अच्छा प्रदर्शन करता है और खेलों से इसे बाहर करना भारतीय ओलंपिक संघ को अच्छा नहीं लगा जिसने धमकी दी कि अगर इस फैसले पर विचार नहीं किया गया तो वह इन खेलों का बहिष्कार करेगा।

खेलों से निशानेबाजी को बाहर करने की चिंता दर्शाते हुए खेल मंत्री रिजिजू ने मोर्गन को पत्र लिखकर उनके हस्तक्षेप की मांग की ताकि बर्मिंघम खेलों की सूची में इसे शामिल कर लिया जाये। रिजिजू ने मोर्गन को लिखा, ‘बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी स्पर्धा को शामिल किये जाने के लिये मैं आपके निजी हस्तक्षेप की मांग करने के लिये लिख रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘आपको पता होगा कि निशानेबाजी को 1966 में राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया था और 1974 के बाद से निशानेबाजी इन खेलों में शामिल रही है। दुर्भाग्य से राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के कार्यकारी बोर्ड ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों से निशानेबाजी को बाहर करने का फैसला किया।’ पत्र में रिजिजू ने कहा कि निशानेबाजी भारत में काफी लोकप्रिय खेल है और इसे बाहर करने से देश में सभी काफी नाराज हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स