बजरंग पूनिया संग शादी रचाएंगी संगीता फोगाट

मेरी बेटियां अपनी-अपनी पसंद के जीवन साथी तय करेंः महावीर फोगाट
फोगाट परिवार में कुश्ती और प्यार एक दूसरे के पर्याय बनते जा रहे हैं। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता गीता फोगाट और सोनीपत के पवन सरोहा के बाद संगीता फोगाट भी परिणय सूत्र में बंधने जा रही हैं। संगीता विश्व के नम्बर एक पहलवान बजरंग पूनिया के साथ शादी करने जा रही हैं। यह शादी टोक्यो ओलम्पिक के बाद होने की सम्भावना है।
फोगाट बहनों की जहां तक बात है गीता और विनेश पहले ही शादी कर चुकी हैं अब बबिता और संगीता भी अपने-अपने हमसफर तय कर चुकी हैं। महावीर फोगाट का कहना है कि मैं चाहता हूं कि मेरी बेटियां अपनी-अपनी पसंद के जीवन साथी तय करें।
विनेश फोगाट ने भी सोनीपत के सोमवीर राठी के साथ शादी की है। राष्ट्रमंडल चैम्पियन बबिता फोगाट भी पहलवान विवेक संग घर बसाने की तैयारी कर चुकी हैं। वे इस समय नच बलिए में बतौर जोड़ी प्रतिभागी हिस्सा भी ले रहे हैं। इस कड़ी में नया स्वर्णिम नाम बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट का जुड़ा है।
विश्व सीनियर कुश्ती चैम्पियनशिप की तैयारी में जुटे बजरंग पूनिया और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं नेशनल चैम्पियन संगीता के बीच उनके जन्मदिन पर बातचीत हुई थी। द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित उनके पिता महावीर फोगाट ने पुष्टि करते हुए कहा कि हां दोनों के बीच बातचीत तो हुई है, लेकिन शादी कब होगी यह अभी कहना मुश्किल है। संभवत: टोक्यो ओलम्पिक के बाद इस बारे में तिथि घोषित की जाएगी।
महावीर फोगाट ने बताया कि बजरंग अक्सर घर आता रहता है। कुछ समय पहले संगीता के जन्मदिन पर भी आया था। हालांकि तब हमें इसका अंदाजा नहीं था। मुझे भी अन्य लोगों के माध्यम से ही इस बारे में पता चला। दोनों ने भी हमें इस बारे में नहीं बताया था। हालांकि जहां तक मेरी बात है मैं इस रिश्ते को लेकर खुश हूं। बच्चों की खुशी में ही मेरी खुशी है। इस बारे में बजरंग के परिवार से भी चर्चा हुई। हरियाणवी अंदाज में उन्होंने कहा कि अभी बात हुई है, लेकिन पक्का करेंगे तब बच्चों को पुचकारेंगे और सबका मुंह भी मीठा करवाएंगे।
इस बारे में बजरंग पूनिया के भाई हरेंद्र पूनिया ने कहा कि भाई का ध्यान अभी सिर्फ ओलम्पिक पर है, इसके अलावा वो कुछ सोच भी नहीं रहे। जब उनसे कहा गया कि शादी अगर होती है तो क्या संगीता वह लड़की हो सकती है, इस पर उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि कुछ नहीं कहा जा सकता।
रिलेटेड पोस्ट्स