News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
ओलम्पिक के 'गोल्डन थ्रो' की छवि आई नजर खेलपथ संवाद नई दिल्ली। देश के मशहूर उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने नीरज चोपड़ा से किया हुआ वादा पूरा कर दिया है। उन्होंने टोक्यो ओलम्पिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज के लिए विशेष तौर पर बनाई खास कार उन्हें गिफ्ट की है। महिंद्रा ने XUV 700 नाम से लांच हुई यह लग्जरी कार नीरज की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए बनाई है। टोक्यो में तिरंगा लहराने वाले नीरज चोपड़ा ने कार के साथ तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया और लिखा, 'नई कार के लिए धन्यवाद आनंद महिंद्रा जी! कार को बाहर घुमाने के लिए उत्सुक हूं।' तस्वीर में दिख रही कार पर नीरज के भाला फेंकने के स्टाइल और साथ में ओलम्पिक में फेंकी गई उनकी गोल्डन थ्रो की छवि है। नीरज ने 87.58 के बेस्ट थ्रो के साथ मेंस जेवलिन का गोल्ड मेडल अपने नाम किया था और कार पर भी 87.58 के इस खास अंक को स्वर्णिम डिज़ाइन में दर्शाया गया है। नीरज के अलावा सुमित अंतिल को भी यह कार गिफ्ट की गई है। महिंद्रा कंपनी के ऑफिशल ट्विटर हैंडल से सुमित अंतिल को कार गिफ्ट करने की जानकारी दी गई। सुमित अंतिल ने टोक्यो में इसी साल आयोजित पैरालंपिक खेलों में भाला फेंक में एफ64 क्लास का विश्व रिकॉर्ड के साथ गोल्ड अपने नाम किया था।