News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
विश्व जिम्नास्टिक चैम्पियनशिप के लिए नहीं हुआ चयन खेलपथ संवाद नई दिल्ली। जकार्ता एशियाई खेलों के बाद घुटने की चोट से जूझ रही रियो ओलम्पिक में चौथे स्थान पर रहने वाली जिम्नास्ट दीपा कर्माकर की वापसी तो हो गई, लेकिन वह विश्व चैम्पियनशिप में नहीं खेलेंगी। अगले माह जापान में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए दिल्ली के आईजी स्टेडियम में हुए पहले ट्रायल में दीपा शीर्ष पर रहीं लेकिन दूसरे ट्रायल में नहीं खेलीं। इसके चलते भारतीय जिम्नास्टिक महासंघ ने उन्हें टीम में नहीं चुना। सूत्रों ने कहा कि दूसरे ट्रायल में उतरने पर दीपा के मन में चोटिल होने का डर बैठ गया था। तीन साल बाद वापसी कर रही दीपा कोई जोखिम नहीं लेना चाहती थीं। इसके चलते उन्होंने ट्रायल में नहीं उतरने का फैसला लिया। उनका लक्ष्य अगले वर्ष बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतना है। दीपा ने पहले ट्रायल में 50.4 अंक हासिल किए। उनसे चार अंक पीछे अरुणा बुद्धारेड्डी रहीं। विश्व चैम्पियनशिप की टीम में अरुणा के अलावा परणीति दास और श्रद्धा सामंत का चयन हुआ है। आशीष ने बनाई टीम में जगह : दिल्ली राष्ट्रमंडल और गुआंग झू एशियाई खेलों के पदक विजेता आशीष कुमार पहले में दूसरे और दूसरे में तीसरे स्थान पर रहकर विश्व चैंपियनशिप की टीम में जगह बनाने में सफल रहे। दो अन्य सदस्य योगेश्वर सिंह और अभिजीत कुमार हैं। ढाका में होने वाली दक्षिण एशियाई जिम्नास्टिक चैम्पियनशिप के लिए भी चार-चार सदस्यीय टीम ट्रायल के आधार पर चुनी गई।