News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
मध्यप्रदेश सरकार ने सौंपा नियुक्ति पत्र खेलपथ संवाद भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर को डीएसपी नियुक्त किया है। उन्हें सोमवार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) राजेश राजोरा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। बता दें कि विवेक टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाले टीम के सदस्य थे। गौरतलब है कि भारतीय टीम सेमीफाइनल में बेल्जियम से हार गई थी लेकिन तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में जर्मनी को हराकर ओलम्पिक कांस्य पदक जीतने में सफल रही थी। बीते महीने (अगस्त) मध्यप्रदेश सरकार ने विवेक सागर को एक करोड़ रुपये का चेक और शॉल देकर सम्मानित किया था। इस दौरान सीएम शिवराज ने राजधानी भोपाल के मिंटो हॉल में हुए सम्मान समारोह में विवेक को एक करोड़ रुपये का चैक और शॉल सौंपने के बाद डीएसपी बनाने का फैसला सुनाया था। विवेक सागर को सम्मानित करने के बाद सीएम शिवराज ने कहा था, 'विवेक आज से मध्यप्रदेश के डीएसपी भी हैं।' उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि मध्यप्रदेश में जहां भी विवेक के परिवार वाले चाहेंगे, वहां एक पक्का घर बनाकर उन्हें दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, 'टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम ने केवल कांस्य पदक ही नहीं जीता है, बल्कि भारतीय हॉकी का यह पुनर्जागरण है।' विवेक मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के चांदोन पिपरिया ग्राम के निवासी हैं। सीएम ने कहा था कि हॉकी का यह पदक जीतकर विवेक ने चांदोन पिपरिया गांव, इटारसी, मध्य प्रदेश एवं पूरे देश को गौरवान्वित किया है।