News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
कोरोना मरीज के सम्पर्क में थंगावेलू टोक्यो। टोक्यो पैरालम्पिक की शुरुआत आज से हो रही है। खेलों के महाकुंभ के उद्घाटन समारोह के दौरान भारत की तरफ से टेक चंद ध्वजवाहक होंगे। इससे पहले थंगावेलू मरियप्पन उद्घाटन समारोह में ध्वजवाहक के रूप में भारतीय दल का नेतृत्व करने वाले थे। लेकिन कोरोना मरीज के सम्पर्क में आऩे के बाद मरियप्पन की जगह अब टेक चंद ध्वजवाहक होंगे। टोक्यो पैरालम्पिक का उद्घाटन समारोह भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के बाद ही खेलों का आगाज हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, थंगावेलू मरियप्पन कोरोना संक्रमित एक विदेशी यात्री के संपर्क में आए थे। हालांकि खेलगांव पहुंचकर उन्होंने जब अपनी कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बावजूद आयोजन कमेटी ने मरियप्पन को उद्घाटन समारोह में शामिल होने की इजाजत नहीं दी। टोक्यो पैरालम्पिक में भारत के 54 एथलीट तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी, भारोत्तोलन सहित नौ स्पर्धाओं में पदक के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे। यह किसी भी पैरालम्पिक में भारत द्वारा भेजा गया अब तक का सबसे बड़ा दल है। पैरालम्पिक खेलों के दौरान भाला फेंक एथलीट देवेंद्र झाझरिया पर सबकी निगाहें रहेंगी। देवेंद्र एथेंस पैरालम्पिक 2004 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इसके बाद रियो पैरालम्पिक में भी वह स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। अब टोक्यो पैरालम्पिक में एक बार फिर देवेंद्र झाझरिया से पदक जीतने की उम्मीद होगी। वैसे इस बार इस विश्वस्तरीय टूर्नामेंट में दुनियाभर से 4000 से अधिक पैरा एथलीट्स भाग ले रहे हैं। कोरोना वायरस वैश्विक महामारी की वजह से इन खेलों में स्टेडियम में दर्शकों के प्रवेश पर रोक है। इसमें सिर्फ स्कूली बच्चों को जाने की इजाजत दी गई है। लेकिन उसके लिए उन्हें सभी सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा।