News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
सरकार की शानदार पहल खेलपथ संवाद नई दिल्ली। टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतकर लौटी भारतीय हॉकी टीम को लगातार सम्मानित किया जा रहा है। देशभर में विभिन्न राज्य सरकारें और संस्थाएं खिलाड़ियों को अलग-अलग तरीके से पुरस्कृत कर रही हैं। पंजाब सरकार की तरफ से अब खिलाड़ियों के सम्मान में एक नई पहल की गई है। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि पंजाब सरकार ने 10 स्कूलों ने नाम बदलकर ओलम्पिक खिलाड़ियों के नाम पर कर दिया है। सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने स्कूलों के नाम को राष्ट्रीय हॉकी टीम के पंजाबी खिलाड़ियों के नाम पर बदलने की मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि जालंधर के मीठापुर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल का नाम अब हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह के नाम से जाना जाएगा। सिंगला के मुताबिक, 'अब मीठापुर स्थित यह स्कूल ओलम्पियन मनप्रीत सिंह गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल कहलाएगा। सिंगला ने बताया कि तिम्मोवाल, अमृतसर के स्कूल का नाम हॉकी टीम के उप-कप्तान मनप्रीत सिंह को समर्पित होगा। इसी तरह मीठापुर, जालंधर के प्राइमरी स्कूल का नाम ओलम्पियन मंदीप सिंह के नाम पर होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय खेलों में पंजाब का स्वर्णिम योगदान रहा है। इस बार भी टोक्यो ओलम्पिक में 20 खिलाड़ियों का दूसरा सबसे बड़ा दल पंजाब से ही था। बात दें कि टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम ने 41 साल बाद ओलम्पिक में कोई पदक जीतने में सफलता हासिल की।