News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
मिजोरम की पहली ओलम्पियन है यह हॉकी बेटी नई दिल्ली। टोक्यो ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन कर लौटे खिलाड़ियों को सम्मानित और पुरस्कृत करने का दौर जारी है। खिलाड़ियों को विभिन्न संस्थाओं के अलावा राज्य सरकारें भी सम्मान दे रही हैं। इसी कड़ी में मिजोरम सरकार ने भी अपने प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। राज्य सरकार ने लालरेमसियामी को उनके ओलम्पिक प्रदर्शन के लिए समूह-ए पद की पेशकश की है। भारतीय टीम की इस स्टार खिलाड़ी को मिजोरम सरकार ने राज्य हॉकी का मुख्य कोच और मिजोरम खेल मंत्रालय के अंतर्गत ग्रुप-ए का पद दिया है। गौरतलब है कि लालरेमसियामी मिजोरम की पहली महिला ओलम्पियन हैं। वह हाल ही में सम्पन्न हुए टोक्यो ओलम्पिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य थीं। उन्हें राज्य सरकार ने असिस्टेंट डायरेक्टर रैंक के बराबर का पद दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री जोरमथांग ने अपने ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'गर्व से यह ऐलान कर रहा हूं कि मिजोरम सरकार ने राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम की सदस्य और राज्य की पहली ओलम्पियन मिस लालरेमसियामी को मुख्य कोच और खेल मंत्रालय में ग्रुप-ए का पद देने की मंजूरी दे दी है।' इससे पहले बुधवार को राज्य सरकार ने लालरेमसियामी को उनके गृहराज्य में घर के लिए 691।85 स्क्वायर मीटर का प्लॉट दिया है। यही नहीं सरकार ने इस खिलाड़ी के लिए 25 लाख रुपये नकद इनाम की घोषणा भी की थी।