News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
आप सभी नए भारत के नए हीरो हैं खेलपथ संवाद नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को टोक्यो ओलम्पिक से वापस आए भारतीय एथलीटों का अशोका होटल में सम्मान किया। ओलम्पिक पदक विजेताओं का स्वागत और सम्मान करने के बाद उन्होंने कहा कि इन्होंने सिर्फ पदक ही नहीं बल्कि देशवासियों का दिल भी जीता है। टोक्यो में ओलम्पिक खेलों में पदक जीतने वाले सात भारतीय एथलीटों का सोमवार को भारत सरकार द्वारा सम्मान किया गया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे। खेल मंत्री अनुराग ने कहा, "पदक ही नहीं, बल्कि आप सभी ने भारतीयों के दिल को भी जीता है। आप सभी नए भारत के नए हीरो हैं। आप युवाओं के असल प्रेरणास्रोत्र हैं जो अब पदक जीतने की चाहत रखते हैं। भारतीय युवा नए सपने और आकांक्षाओं के साथ खेल की ओर रूख कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओलंपियंस की ऊर्जा को हमेशा ऊंचा रखा। उन्होंने टोक्यो रवाना होने से पहले इन सभी खिलाड़ियों से बात की और ओलम्पिक के दौरान भी बात कर इन लोगों का हौसला बढ़ाया।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस दौरान एथलीटों के परिजनों के साथ भी संपर्क में रहे और इनका हाल जाना। भारत ने टोक्यो ओलिंपिक खेलों में एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक के साथ कुल सात पदक जीते। भारत का ओलम्पिक में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे ज्यादा पदक भारत ने किसी भी ओलम्पिक खेल में नहीं जीते हैं। नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक इवेंट में स्वर्ण, रवि दहिया ने कुश्ती में रजत, मीराबाई चानू ने भारोत्तोलन में रजत, पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में कांस्य, लवलीना बोरगोहेन ने मुक्केबाजी में कांस्य, बजरंग पूनिया ने कुश्ती में कांस्य और पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम कर इतिहास रचा है।