News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
पहली बार ओलम्पिक में होंगे भारत के दो ध्वजवाहक खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारतीय स्टार शटलर और विश्व चैम्पियन पीवी सिंधू टोक्यो ओलम्पिक में भारत के दो ध्वजवाहकों में से एक हो सकती हैं। इस बार ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह में पहली बार भारत के दो (एक महिला और एक पुरुष) ध्वजवाहक होंगे। भारत ही नहीं ज्यादातर देश 23 जुलाई को होने वाले उद्घाटन समारोह में दो-दो ध्वजवाहकों के साथ दिखेंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा इस माह के अंत में होगी। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के सूत्रों के अनुसार रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता सिंधू के दो ध्वजवाहकों में से एक होने की संभावना है। हालांकि कोई नियम नहीं हैं, लेकिन परंपरा रही है कि पिछले ओलम्पिक का पदक विजेता अगले में ध्वजवाहक रहे हैं। रियो में सिंधू और पहलवान साक्षी मलिक ने पदक जीते थे। साक्षी इस बार क्वालिफाई नहीं कर पाई हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि पुरुषों में यह सम्मान किसे हासिल होगा। स्टार खिलाड़ियों में जवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा, टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल, पहलवान बजरंग पुनिया और मुक्केबाज अमित पंघाल शामिल हैं। रियो में किसी पुरुष खिलाड़ी ने पदक नहीं जीता था।