News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
दुती, हिमा, अर्चना व धनलक्ष्मी की चौकड़ी क्वालीफिकेशन के समय से 0.45 सेकेंड रह गई पीछे पारुल 5000 मीटर में चैम्पियन खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारतीय पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन हीट्स में तीन मिनट 01.89 सेकेंड का समय निकालकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने की सम्भावना बढ़ा दी है। मोहम्मद अनस याहिया, अमोज जैकब, अरोकिया राजीव और नोह निर्मल टॉम की चौकड़ी ने इंडियन ग्रां प्री 4 के 3:02.61 के अपने प्रदर्शन में सुधार किया। भारतीय टीम इस प्रदर्शन से रोड टु टोक्यो रैंकिंग में 16वें से 13वें स्थान पर पहुंच जाएगी। सभी रिले प्रतियोगिताओं में शीर्ष 16 में जगह बनाने वाली टीमें ओलम्पिक में भाग लेंगी। क्वालीफिकेशन की अंतिम समयसीमा 29 जून है। महिलाओं में अर्चना सुसींद्रन, हिमा दास, एस धनलक्ष्मी और दुती चंद की चौकड़ी 4×400 मीटर रिले टीम भी क्वालीफाई करने के लिए 43.05 सेकेंड के समय से 0.45 सेकेंड पीछे रही। इन दोनों रिले का फाइनल मंगलवार को होगा। कोरोना से उबरने के दो महीने बाद वापसी करने वाली उत्तर प्रदेश की धावक पारुल चौधरी (16.4.07 सेकेंड) ने महिलाओं और कार्तिक ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ का खिताब जीता। सी कनिमोझी (13.63 सेकंड) ने 100 मीटर बाधा दौड़ व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ जीती। असगरा नंदिनी दूसरे और श्रीलंका की डब्ल्यूवीएल सुगांदी तीसरे स्थान पर रहीं। मध्यप्रदेश के विक्रम भरत सिंह बांगरिया ने पुरुषों की 10,000 मीटर की दौड़ जीती। राजस्थान की मंजू बाला ने महिलाओं के हैमर थ्रो का स्वर्ण पदक जीता। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ की हीट में पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह ने 10.41 सेकेंड का समय निकालकर सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। ओडिशा के अमिया मलिक ने 10.50 सेकेंड के साथ अपनी हीट जीती।