News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
टोक्यो ओलम्पिक में आठ खिलाड़ियों को पहली बार मौका खेलपथ संवाद नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। टीम में हरियाणा की नौ बेटियों को मौका मिला है जबकि इस खेल में पिछले डेढ़ दशक में अकूत पैसा खर्च करने वाले मध्य प्रदेश को निराशा हाथ लगी है। टीम चयन के बाद से ही मध्य प्रदेश महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर में निराशा छा गई है। हॉकी बेटियां उनके साथ हुए भेदभाव से निराश हैं। टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान हो गया है। 16 सदस्यीय इस टीम में आठ नए खिलाड़ियों को जोड़ा गया है, जो ओलम्पिक में डेब्यू करेंगी। 16 सदस्यीय टीम में 13 रेलवे की खिलाड़ी हैं। हरियाणा की बात करें तो तीन खिलाड़ी शाहाबाद मारकंडा, तीन खिलाड़ी हिसार तथा तीन अन्य जगहों की हैं। इस टीम में मध्य प्रदेश की किसी बेटी का चयन न होना अचरज की बात है। पहली बार ओलम्पिक में शिरकत करने जा रही खिलाड़ियों में गुरजीत कौर, उदिता, निशा, नेहा, नवनीत कौर, शर्मिला देवी, लालरेम्सियामी और सलीमा टेटे का नाम शामिल है। बता दें कि टोक्यो ओलम्पिक की शुरुआत 23 जुलाई से होगी। भारतीय महिला हॉकी टीम तीसरी बार ओलम्पिक खेलों में शिरकत करेगी और यह लगातार दूसरी बार है। टीम ने 1980 और 2016 में ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया था। रियो ओलम्पिक 2016 के बाद से महिला टीम का प्रदर्शन लगातार अच्छा ही होता गया, जिसने इसी वर्ष एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी, 2017 एशिया कप और 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीता। टीम ने पहली बार 2018 महिला विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया। भारतीय महिला हाकी टीम के मुख्य कोच सोर्ड मारिन ने कहा, 'इस टीम ने पिछले कुछ वर्षों में काफी कड़ी मेहनत की है और लगातार प्रगति की है। टीम में अनुभवी और युवा प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है जो शानदार है।' भारतीय महिला टीम ने 36 साल के लम्बे अरसे बाद 2016 रियो ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई कर इतिहास रचा था। इस समय टीम बेंगलूरु के भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में तैयारियों में जुटी है। बता दें कि 'खेलों के महाकुंभ' टोक्यो ओलम्पिक में अब 40 दिन से भी कम का समय बचा है। ऐसे में कप्तान रानी ने कहा कि वह और टीम के उनके साथी प्रत्येक ट्रेनिंग सत्र का फायदा उठाना चाहती हैं। बीते मंगलावर को रानी रामपाल ने कहा था कि उनकी टीम आगामी ओलंपिक खेलों में ऐतिहासिक पदक जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी और उन्होंने इसे कोविड-19 योद्धाओं को समर्पित करेंगी जो महामारी के समय अपने जीवन को जोखिम में डाल रहे हैं। रानी ने कहा था, 'अब जब हम टोक्यो ओलम्पिक खेल 2020 में पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि हमारी जीत डॉक्टरों, नर्सों और चिकित्सा सहायकों को समर्पित होगी, जिन्होंने भारत में पिछले साल महामारी के फैलने के बाद से बिना थके काम किया है। उनके कारण हम सभी यहां हैं और सुरक्षित हैं।' चयनित खिलाड़ियों की पूरी सूची: गोलकीपर: सविता, डिफेंडर्स: दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, उदिता। मिडफील्डर : निशा, नेहा, सुशीला चानू पुखरामबम, मोनिका, नवजोत कौर, सलीमा टेटे, फॉरवर्ड : रानी, नवनीत कौर, लालरेम्सियामी, वंदना कटारिया, शर्मिला देवी।