News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
महिलाएं भी कोट-पैंट में आएंगी नजर चीनी कंपनी की स्पोर्ट्स किट में टोक्यो जाएंगे खिलाड़ी खेलपथ संवाद नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ ने रियो ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह से पहले पगड़ी को हटा दिया है। इस बार ओलम्पिक उद्घाटन समारोह में महिलाएं साड़ी में नजर नहीं आएंगी। हालांकि 2018 के राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों से ही आईओए ने साड़ी को विदा कर दिया था और ओलम्पिक से भी इसकी विदाई हो गई है। भारतीय पारम्परिक परिधान की जगह ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह में पुरुष खिलाड़ी बंद गले के कोट और पैंट वहीं महिलाएं भी कोट और पैंट में नजर आएंगी। खेल मंत्री किरेन रिजिजू की मौजूदगी में आईओए अध्यक्ष नरेंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने गुरुवार को टोक्यो जाने वाले खिलाड़ियों की सेरीमोनियल और स्पोर्ट्स किट जारी की। जारी की गई चार स्पोर्ट्स किट को चीनी कम्पनी ली निंग ने तैयार किया है, जबकि सेरीमोनियल किट को रेमंड ने बनाया है। हालांकि बीते वर्ष गलवां घाटी में कब्जे के विरोध में आईओए ने यहां तक कहा था कि वह चीनी कम्पनी ली निंग से करार नहीं रख सकते हैं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। भारतीय खिलाड़ी चीनी कम्पनी की स्पोर्ट्स किट में ओलम्पिक पदक की होड़ में शामिल होंगे। राजीव मेहता ने खुलासा किया कि इस बार खिलाड़ियों को टोक्यो में किसी तरह की दिक्कत नहीं आए इसके लिए टोक्यो जाने वाले चेफ डि मिशन बीपी बैश्या के हवाले 100 के करीब अतिरिक्त स्पोर्ट्स किट भेजी जाएंगी। अगर किसी को दिक्कत होगी तो वह चेफ डि मिशन से इन्हें बदल सकता है।