News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
12 खेल संघों के खिलाड़ियों ने अब तक किया है क्वालीफाई खेल मंत्रालय का दल भी होगा छोटा खेलपथ संवाद नई दिल्ली। इस बार टोक्यो ओलम्पिक खेलों में खेलनहारों के सैर-सपाटे पर खेल मंत्रालय ने अंकुश लगा दिया है। अब वे सैर-सपाटे के लिए वहां नहीं जा पाएंगे। देखा जाए तो अब तक सिर्फ 12 खेलों के खिलाड़ी ही ओलम्पिक का टिकट कटा पाए हैं, ऐेसे में दीगर खेल संघ पदाधिकारियों के हौसले पस्त हैं। पिछले खेल आयोजनों की तरह इस बार ओलम्पिक में खेल संघों के पदाधिकारी सैर-सपाटे पर नहीं जा पाएंगे। आयोजन समिति की गुजारिश के बाद भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने खेल संघों के पदाधिकारियों के टोक्यो में प्रवेश को सीमित कर दिया है। आईओए ने साफ कर दिया है कि इस बार कोरोना के चलते पनपी विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सिर्फ एक प्रतिनिधि को ही जाने की इजाजत होगी। लंदन व रियो ओलम्पिक और जकार्ता एशियाई खेलों की तरह इस बार खेल संघों, आईओए और खेल मंत्रालय के पदाधिकारियों और अधिकारियों की भीड़ टोक्यो में नहीं दिखाई देगी। आयोजन समिति ने आईओए को साफ किया है कि ओलम्पिक के दौरान जरूरी और संचालन करने वाले स्टाफ को प्रवेश की अनुमति होगी। जो भी व्यक्ति टोक्यो जाएगा उसे चार सप्ताह पहले अपनी गतिविधियों की जानकारी देनी होगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट के प्रयोग की भी अनुमति नहीं होगी। शॉपिंग पर पाबंदी और रेस्टोरेंट में प्रवेश निषेध होगा। कोरोना संक्रमित पाए जाने की स्थिति में अपने खर्च पर 14 दिन के एकांतवास में रहना होगा। साथ ही आयोजकों की ओर से तय होटल में रहने की अनुमति होगी। अब तक 12 खेल संघों के खिलाड़ी ओलम्पिक के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग और जूडो के अलावा कुछ अन्य खेलों के खिलाड़ियों के क्वालीफिकेशन की घोषणा होनी बाकी है। ओलम्पिक में खेल मंत्रालय का दल भी काफी छोटा होगा। अब तक खेल मंत्री किरेन रिजिजू के जाने की योजना है। वैसे खेलों में खेल मंत्री अपनी पत्नी को भी ले जाते हैं, लेकिन सूत्र बताते हैं कि खेल मंत्री टोक्यो अकेले जा रहे हैं। अब तक खेल सचिव के जाने का भी कोई कार्यक्रम नहीं है।