News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
कड़े क्वारंटाइन नियमों के कारण लिया फैसला नयी दिल्ली। ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने दो सप्ताह के अनिवार्य कड़े पृथकवास नियम के कारण पुर्तगाल के लिए अपनी पांच-सप्ताह की प्रशिक्षण यात्रा को रद्द कर दिया। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के ‘मिशन ओलम्पिक सेल (एमओसी)’ तोक्यो ओलम्पिक खेलों से पहले पुर्तगाल के पोचिन्हो हाई परफोर्मेंस केन्द्र में इन दोनों नौका चालको के अभ्यास के लिए पिछले सप्ताह 21 लाख रुपये जारी किया था। नौका चालकों ने पृथकवास नियमों के कारण अभ्यास से दो सप्ताह गंवाना सही नहीं समझा और पुर्तगाल नहीं जाने का फैसला लिया। पच्चीस साल के जाट ने कहा, ‘पुर्तगाल पहुंचने पर हमें अनिवार्य रूप से दो सप्ताह के सख्त पृथकवास में रहना होता। इसलिए हमें अभ्यास दौरे को रद्द करना पड़ा। ओलम्पिक में दो महीने से भी कम समय का है और हम अभ्यास के समय को कम करने का जोखिम नहीं उठा सकते।’ उन्होंने पुणे के सेना खेल संस्था स्थित अपने अभ्यास शिविर से कहा कि हम निराश है, लेकिन यह महामारी के कारण है और हम इसमें कुछ नहीं कर सकते। जाट और सिंह ने पिछले महीने पुरुषों के लाइटवेट डबल स्कल्स स्पर्धा में टोक्यो का टिकट कटवाया था। जाट ने कहा कि उन्हें अब किसी अंतरराष्ट्रीय अनुभव के बिना तोक्यो ओलंपिक के लिए जाना होगा। उन्होंने कहा, ‘पुर्तगाल के केन्द्र में विश्व स्तरीय नौका चालक आते है और वहां से काफी फायदा होता।’