News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
वर्षों की कड़ी मेहनत का नतीजा: कोच टॉमस नयी दिल्ली। विष्णु सरवनन के अलावा गणपति चेंगप्पा और वरुण ठक्कर की जोड़ी ओमान में एशियाई क्वालीफायर के जरिए ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करके भारतीय खेलों के इतिहास में नया अध्याय जोड़ने में सफल रही क्योंकि पहली बार ऐसा होगा जबकि टोक्यो में होने वाले खेलों में देश के चार सेलर हिस्सा लेंगे। गत दिवस नेत्रा कुमानन टोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला सेलर बनी थी। उन्होंने मुसानाह ओपन चैम्पियनशिप के जरिए लेजर रेडियल स्पर्धा में क्वालीफाई किया। यह प्रतियोगिता एशियाई ओलम्पिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट था। भारत पहली बार ओलम्पिक में तीन स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेगा। अब तक भारत ने ओलम्पिक की सिर्फ एक ही स्पर्धा में चुनौती पेश की थी लेकिन चार मौकों पर उसके दो सेलर खेलों के महाकुंभ में जगह बनाने में सफल रहे हैं। भारतीय याचिंग संघ के संयुक्त सचिव कैप्टन जितेंद्र दीक्षित ने कहा, ‘हां, इतिहास रचा गया है। चार भारतीय सेलरों ने ओलम्पिक की तीन स्पर्धाओं के लिए क्वालीफाई किया है। यह क्वालीफाई करने वाले सेलर की अधिकतम संख्या है और साथ ही स्पर्धाओं की भी।’ उन्होंने कहा, ‘आज विष्णु और फिर गणपति और वरुण की जोड़ी ने क्वालीफाई किया।’ भारतीय कोच टॉमस जानुजेवस्की ने कहा कि ये नतीजे सेलर, उनके माता-पिता और कोचों की वर्षों की कड़ी मेहनत का नतीजा हैं। टॉमस ने ओमान से चैम्पियन खिलाड़ियों को बधाइयां दीं।’ बृहस्पतिवार को विष्णु सरवनन लेजर स्टैंडर्ड क्लास में क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय रहे। उन्होंने थाईलैंड के कीराती बुआलोंग को पछाड़कर ओवरआल दूसरे स्थान पर रहते हुए ओलम्पिक कोटा हासिल किया। बाद में चेंगप्पा और ठक्कर की जोड़ी 49ईआर क्लास में अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए टोक्यो खेलों में जगह बनाने में सफल रही। खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने ट्वीट किया, ‘मैं भारतीय खिलाड़ियों नेत्रा कुमानन, केसी गणपति और वरुण ठक्कर को बधाई देता हूं जिन्होंने टोक्यो ओलम्पिक की सेलिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।’ रिजिजू ने इससे पहले सरवनन को बधाई दी।